रीवा: बस दुर्घटना में यूपी के 15 मजदूरों की मौत, 40 से अधिक घायल, हैदराबाद से गोरखपुर जा रही थी बस

रीवा जिले में नेशनल हाईवे-30 सोहागी पहाड़ पर शुक्रवार रात भीषण हादसा हो गया। बस और ट्रेलर की टक्कर में यूपी के 15 यात्रियों की मौत हो गई। 40 से ज्यादा यात्री घायल हैं

Janbhawana Times
Janbhawana Times

मध्यप्रदेश। रीवा जिले में नेशनल हाईवे-30 सोहागी पहाड़ पर शुक्रवार रात भीषण हादसा हो गया। बस और ट्रेलर की टक्कर में यूपी के 15 यात्रियों की मौत हो गई। 40 से ज्यादा यात्री घायल हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी, तब जाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ। गंभीर रूप से घायलों को एम्बुलेंस से त्योंथर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। सभी यात्री (मजदूर) दिवाली मनाने के लिए उत्तर प्रदेश में अपने घर लौट रहे थे।

हादसा कब और कहां हुआ -

हादसा शुक्रवार की रात 11:30 बजे रीवा से 70 किमी दूर सोहागी पहाड़ी पर हुआ। चश्मदीदों के मुताबिक, बस पहाड़ से नीचे उतरते वक्त ट्रेलर से जा टकराई। हादसे के वक्त बस की रफ्तार काफी तेज थी। बताया जा रहा है कि घटनास्थल से करीब 10 किलोमीटर पहले बस चालक द्वारा यात्रियों को भोजन कराया गया था।

घटनास्थल से 2 किलोमीटर पहले बस चालक ने एक ट्रैक्टर को भी टक्कर मारी थी लेकिन उस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ। बस हैदराबाद से गोरखपुर जा रही थी। इसमें 55 से ज्यादा लोग सवार थे। मरने वालों में ज्यादातर लोग उत्तरप्रदेश के बताए जा रहे हैं। सभी मजदूर हैं, ये दिवाल मनाने अपने घर जा रहे थे।

रीवा के संजय गांधी अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज -

कलेक्टर मनोज पुष्प ने कहा, ऐसा लगता है कि इस ट्रक का सामने वाले ट्रक से एक्सीडेंट हुआ था और जब चालक ने ब्रेक लगाया तो पीछे से आ रही बस ट्रक से टकराई। पुलिस-प्रशासन और स्थानीय लोग यहां हैं। बचाव कार्य किया गया, घायलों को अस्पताल भेजा गया है।

उन्होंने कहा कि सभी घायलों का संजय गांधी हास्पिटल रीवा में निःशुल्क उपचार किया जा रहा है। दुर्घटना में दिवंगतों की आत्मा को ईश्वर शांति प्रदान करें तथा उनके परिजनों को यह अपार दु:ख सहने की शक्ति दे। दु:ख की इस घड़ी में जिला प्रशासन रीवा उनके साथ है। दिवंगत के पार्थिव शरीर ससम्मान प्रयागराज भेजने की व्यवस्था की गई है।

शवों को JCB से निकाला गया -

हादसा इतना भीषण था कि चार से ज्यादा लोग बस के अगले हिस्से में फंस गए। इन्हें जेसीबी से बस को काटकार बाहर निकाला गया।

ज्यादा नुकसान बस के अगले हिस्से में हुआ -

रीवा कलेक्टर मनोज पुष्प ने बताया कि बस के अगले हिस्से को ज्यादा नुकसान हुआ। रफ्तार ज्यादा होने से यह ट्रेलर में घुस गया। इससे बस के केबिन और फ्रंट सीट पर बैठे यात्रियों की मौत हुई है। 40 घायल यात्रियों को संजय गांधी अस्पताल (रीवा) भेजा गया है। कुछ को त्योंथर अस्पताल ले जाया गया।

उधर, SP नवनीत भसीन ने बताया, 'ट्रेलर के सामने का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ है। ऐसे में आशंका है कि ट्रेलर भी आगे जा रहे वाहन से टकराया होगा। ट्रेलर ड्राइवर ने अचानक से ब्रेक लगाए होंगे, इतने में पीछे से आ रही बस उसमें घुस गई। ट्रेलर के ड्राइवर और क्लीनर मौके से फरार हो गए हैं।' हालांकि, हादसे की वजह का पता नहीं चला है।

हेल्पलाइन नंबर जारी -

रीवा प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 831970 6674 और 7049122399 जारी किया है। फोन कर घटना के संबंध में जानकारी ले सकते हैं।

शिवराज ने योगी से बात की -

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने आज सुबह उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात की। उन्हें हादसे और रेस्क्यू के बारे में जानकारी दी। CM ने कहा कि घायलों के बेहतर इलाज और मृतकों के पार्थिव शरीरों को ससम्मान प्रयागराज भेजने के निर्देश रीवा प्रशासन को दिए हैं।

मृतकों के परिवार को 2-2 लाख की मदद का ऐलान -

उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताया। उत्तरप्रदेश सरकार ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक मदद का ऐलान किया है।

calender
22 October 2022, 11:04 AM IST

जरुरी ख़बरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो