मुंबई एयरपोर्ट पर इंडिगो के विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकराया, टला बड़ा हादसा

मुंबई एयरपोर्ट पर इंडिगो की बैंकॉक-मुंबई फ्लाइट लैंडिंग के दौरान टेल स्ट्राइक का शिकार हुई, लेकिन सभी यात्री सुरक्षित रहे. DGCA ने जांच के आदेश दिए हैं और विमान को फिलहाल ग्राउंड कर दिया गया है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

मुंबई एयरपोर्ट पर शनिवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. बैंकॉक से मुंबई आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 1060, जो एयरबस A321 है, लैंडिंग के दौरान रनवे से टकरा गई. यह घटना सुबह 3:06 बजे मुंबई के रनवे 27 पर हुई, जब विमान का पिछला हिस्सा जमीन से रगड़ खा गया, जिसे एविएशन की भाषा में 'टेल स्ट्राइक' कहा जाता है.

मुंबई में खराब मौसम  

घटना के वक्त मुंबई में मौसम खराब था और तेज बारिश हो रही थी. इसी कारण पायलट को लैंडिंग में कठिनाई आई और विमान की पूंछ रनवे से छू गई. हालांकि, राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित रहे. शुरुआती असफल प्रयास के बाद विमान की दोबारा लैंडिंग कराई गई, जो सफल रही.

डीजीसीए ने दिए जांच के आदेश

इस घटना के बाद डीजीसीए (नागर विमानन महानिदेशालय) ने इसकी जांच के आदेश दे दिए हैं. डीजीसीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले की औपचारिक जांच की जाएगी और इसके लिए विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है. फिलहाल, संबंधित विमान को ग्राउंड कर दिया गया है और जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती व जरूरी मरम्मत नहीं हो जाती, तब तक उसे उड़ान की अनुमति नहीं दी जाएगी.

हालांकि हैरानी की बात यह रही कि इस गंभीर घटना की जानकारी एयरलाइन या पायलट की ओर से एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को तुरंत नहीं दी गई. इस चूक पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं और इसकी भी जांच का हिस्सा बनने की संभावना है.

इस दौरान मुंबई में लगातार हो रही बारिश से हवाई यातायात बाधित रहा. बीते 24 घंटे में कम से कम 14 विमानों को लैंडिंग के बजाय गो-अराउंड करना पड़ा.

इंडिगो की प्रतिक्रिया 

इंडिगो एयरलाइंस ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी आवश्यक जांच व मरम्मत के बाद ही विमान को दोबारा सेवा में लाया जाएगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो