गणतंत्र दिवस से पहले संभल की शाही जामा मस्जिद में बांटा गया तिरंगा
उत्तर प्रदेश के संभल जिले की शाही जामा मस्जिद में शुक्रवार की नमाज के बाद नमाजियों ने एकता एवं अखंडता का संदेश देने के लिए तिरंगा बांटा और गणतंत्र दिवस को सद्भाव से मनाने का संकल्प लिया. अपर पुलिस अधीक्षक श्रीश चंद्र ने बताया, “शाही जामा मस्जिद में शुक्रवार की नमाज के बाद नमाजियों ने एक-दूसरे को तिरंगा बांटकर गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की. उन्होंने शांति और सद्भाव से रहने का संकल्प भी लिया.”

नमाज में शामिल सैयद अख्तर ने कहा कि गणतंत्र दिवस करीब आने के मद्देनजर नमाजियों ने मस्जिद के गेट पर तिरंगा बांटा, ताकि सभी को ईद, होली और दिवाली की तरह इस अवसर को भी हर्षोल्लास के साथ मनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके.
राष्ट्रीय ध्वज वितरित किया
अख्तर ने कहा, “हम लोगों से अपने घरों, दुकानों और कार्यालयों पर तिरंगा फहराने का आग्रह करते हैं, क्योंकि यह हमारे राष्ट्र के गौरव और सम्मान का प्रतिनिधित्व करता है.” नमाज में हिस्सा लेने वाले मोहम्मद नाजिम सैफी ने कहा, “हमने 1950 में हमारे संविधान को अपनाए जाने की याद में राष्ट्रीय ध्वज वितरित किया, जो हमारे इतिहास का एक ऐतिहासिक क्षण था। हम लोगों से अपने घर, दुकान और दफ्तर पर तिरंगा फहराने का आग्रह करते हैं.”
एक अन्य नमाजी हाजी एहतेशाम अहमद ने कहा, “26 जनवरी वह दिन है, जब हमें अपना संविधान प्राप्त हुआ था. हर नागरिक को इसकी रक्षा करनी चाहिए. हिंदुओं और मुसलमानों को एक साथ आना चाहिए और इस दिन को खुशी के साथ मनाना चाहिए.” अहमद ने कहा, “आज मस्जिद में नमाजियों ने शांति, सद्भाव, एकता और हमारे देश की अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया.”
स्थानीय लोगों और सुरक्षाकर्मियों के बीच झड़प
पिछले साल 24 नवंबर को संभल के कोट गर्वी इलाके में स्थित शाही जामा मस्जिद में अदालत के आदेश पर किए जा रहे सर्वेक्षण के दौरान स्थानीय लोगों और सुरक्षाकर्मियों के बीच झड़प हुई थी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे. हिंसा के बाद से मस्जिद और संभल सुर्खियों में हैं.
इस खबर को जनभावना टाइम्स ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की हुई है.