देशभर में अचानक क्यों बजने लगे फोन? स्क्रीन पर आया ‘अत्यंत गंभीर चेतावनी’ संदेश

शनिवार सुबह देशभर में लाखों मोबाइल फोन पर अचानक अलर्ट संदेश और तेज बीप सुनाई दी, जिससे लोग चौंक गए. यह सरकार द्वारा शुरू की गई आपदा चेतावनी प्रणाली का परीक्षण था, जिसका उद्देश्य भविष्य में समय पर सूचना देना है.

Shraddha Mishra

शनिवार सुबह अचानक कई लोगों के मोबाइल फोन पर तेज बीप की आवाज गूंजी और कुछ सेकंड के लिए माहौल में हलचल सी मच गई. बिना किसी कॉल या मैसेज के अचानक आई इस आवाज ने लोगों को चौंका दिया और कई लोग घबरा भी गए कि आखिर ये क्या हो रहा है. लेकिन जब लोगों ने अपने फोन की स्क्रीन देखी, तो उन्हें समझ आया कि यह किसी खतरे का संकेत नहीं, बल्कि एक जरूरी सरकारी परीक्षण का हिस्सा था.

फोन पर जो संदेश दिखाई दिया, वह “अत्यंत गंभीर चेतावनी” से शुरू हो रहा था. इसमें लिखा था कि भारत सरकार ने स्वदेशी तकनीक के जरिए एक नई आपदा चेतावनी प्रणाली शुरू की है. साथ ही यह भी साफ किया गया था कि यह केवल एक परीक्षण है और लोगों को इस पर कोई कार्रवाई करने की जरूरत नहीं है. इस संदेश का उद्देश्य लोगों को यह बताना था कि भविष्य में किसी भी आपात स्थिति में इसी तरह अलर्ट भेजे जाएंगे, ताकि समय रहते सतर्क किया जा सके.

देशभर में हुआ एक साथ परीक्षण

यह कोई सामान्य मैसेज नहीं था, बल्कि पूरे देश में एक साथ चलाया गया परीक्षण था. लाखों मोबाइल फोन पर यह अलर्ट कुछ सेकंड के लिए सुनाई दिया. सरकार ने पहले ही लोगों को इस तरह के टेस्ट मैसेज को नजरअंदाज करने की सलाह दी थी, लेकिन फिर भी अचानक आई तेज आवाज ने कई लोगों को हैरान कर दिया.

इस पहल को दूरसंचार विभाग (DoT) और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) मिलकर चला रहे हैं. इसका मुख्य मकसद यह है कि आपदा या किसी भी आपात स्थिति में लोगों तक सही जानकारी तुरंत पहुंचाई जा सके. यह प्रणाली अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त तकनीक पर आधारित है, जिसे कॉमन अलर्टिंग प्रोटोकॉल (CAP) कहा जाता है. इसी के जरिए यह सुनिश्चित किया जाता है कि संदेश तेजी से और सही जगह तक पहुंचे.

कैसे काम करता है यह अलर्ट सिस्टम

इस नई व्यवस्था में दो तरह की तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है- एसएमएस और सेल ब्रॉडकास्ट.
एसएमएस अलर्ट: इसमें खास क्षेत्र के लोगों को संदेश भेजा जाता है.
सेल ब्रॉडकास्ट (CB): इस तकनीक के जरिए एक तय इलाके में मौजूद सभी मोबाइल फोन पर एक साथ अलर्ट पहुंचता है.
सेल ब्रॉडकास्ट की खास बात यह है कि इसमें संदेश लगभग तुरंत पहुंच जाता है, जिससे आपात स्थिति में समय की बचत होती है.

क्यों जरूरी है यह पहल

भारत जैसे बड़े और विविधता वाले देश में आपदाओं का खतरा हमेशा बना रहता है, चाहे वह बाढ़ हो, भूकंप हो या कोई अन्य आपात स्थिति. ऐसे में समय पर सूचना मिलना बेहद जरूरी होता है. इस नई प्रणाली के जरिए सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि किसी भी संकट के समय लोगों तक सही जानकारी तुरंत पहुंचे, ताकि वे सुरक्षित कदम उठा सकें.

सरकार ने साफ किया है कि फिलहाल जो भी अलर्ट आ रहे हैं, वे सिर्फ परीक्षण का हिस्सा हैं. इन पर प्रतिक्रिया देने की कोई जरूरत नहीं है. लोगों से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं और सहयोग करें. जब यह परीक्षण पूरी तरह सफल हो जाएगा, तब इस सिस्टम को देशभर में पूरी तरह लागू कर दिया जाएगा. इसके बाद किसी भी आपात स्थिति में लोगों को उनकी भाषा में अलर्ट मिलेगा, जिससे अधिक से अधिक लोग समय रहते सचेत हो सकेंगे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो