WhatsApp का गेम-चेंजर अपडेट, बिना फोन के भी कर सकेंगे वॉयस और वीडियो ग्रुप कॉल
वॉट्सऐप ने अपने डेस्कटॉप यूजर्स को एक बड़ा तोहफा दिया है. अब वे बिना किसी स्मार्टफोन या डेस्कटॉप ऐप के सीधे अपने कंप्यूटर या लैपटॉप के ब्राउजर से ही ग्रुप वॉयस और वीडियो कॉल कर सकेंगे.

नई दिल्ली: वॉट्सऐप ने अपने डेस्कटॉप यूजर्स को एक बड़ा तोहफा दिया है. अब वे बिना किसी स्मार्टफोन या डेस्कटॉप ऐप के सीधे अपने कंप्यूटर या लैपटॉप के ब्राउजर से ही ग्रुप वॉयस और वीडियो कॉल कर सकेंगे. इस नए फीचर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि एक सिंगल ग्रुप कॉल में अधिकतम 32 लोगों को एक साथ जोड़ा जा सकेगा. वॉट्सऐप के अपकमिंग फीचर्स को ट्रैक करने वाली भरोसेमंद वेबसाइट वाबेटाइन्फो के मुताबिक, यह फीचर फिलहाल बीटा टेस्टिंग फेज में है. इसे जल्द ही दुनिया भर के तमाम सामान्य यूजर्स के लिए रोल आउट कर दिया जाएगा.
आसान हुआ वर्क फ्रॉम होम
अब वर्क फ्रॉम होम और ऑफिस मीटिंग्स आसान हो जाएंगे. पहले वॉट्सऐप वेब के जरिए यूजर्स केवल वन-टू-वन वॉयस और वीडियो कॉल ही कर पाते थे. ग्रुप कॉलिंग के लिए यूजर्स को अपने मोबाइल फोन या वॉट्सऐप के आधिकारिक डेस्कटॉप एप्लिकेशन का इस्तेमाल करना पड़ता था. लेकिन इस नए अपडेट के बाद प्रक्रिया बेहद सरल हो जाएगी.
कैसे बिना फोन के चला सकेंगे वॉट्सऐप
यूजर्स को बस अपने लैपटॉप या कंप्यूटर के किसी भी ब्राउजर पर वॉट्सऐप वेब ओपन करना होगा. ग्रुप चैट के भीतर दिए गए कॉल बटन को दबाते ही स्क्रीन पर दो विकल्प वॉयस कॉल और वीडियो कॉल दिखाई देंगे. यूजर अपनी सुविधानुसार किसी भी एक विकल्प को चुनकर तुरंत मीटिंग शुरू कर सकते हैं. 32 लोगों की क्षमता होने के कारण अब ऑफिस की छोटी-मोटी मीटिंग्स या फैमिली गेट-टुगेदर के लिए बार-बार ज़ूम या गूगल मीट जैसी बाहरी ऐप्स पर लिंक बनाने की झंझट पूरी तरह खत्म हो जाएगी.
कॉल लोग जैसे फीचर्स
वॉट्सऐप ने सुरक्षा के मोर्चे पर स्पष्ट किया है कि मोबाइल की तरह ही वेब वर्जन पर होने वाली सभी ग्रुप कॉल्स पूरी तरह से एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड होंगी. इसका सीधा मतलब यह है कि कॉल पर होने वाली बातचीत और डेटा पूरी तरह सुरक्षित रहेगा और कंपनी खुद भी इसे न तो सुन पाएगी और न ही एक्सेस कर सकेगी.
सिर्फ ग्रुप कॉलिंग तक ही सीमित नहीं रही
वॉट्सऐप सिर्फ ग्रुप कॉलिंग तक ही सीमित नहीं रह रही है. आने वाले दिनों में वॉट्सऐप वेब पर स्क्रीन शेयरिंग और कॉल लिंक जैसे एडवांस फीचर्स भी जोड़ने की तैयारी चल रही है. स्क्रीन शेयरिंग फीचर आने के बाद यूजर्स ऑफिस की प्रेजेंटेशन, जरूरी दस्तावेज या कोई भी डिजिटल कंटेंट लाइव कॉल के दौरान अपने सहकर्मियों के साथ आसानी से साझा कर सकेंगे, जो इसे एक कम्प्लीट प्रोफेशनल टूल बना देगा.


