10 मिनट डिलीवरी ने बचाई शादी! हवन रुकने ही वाला था, तभी पहुंच गया स्विगी इंस्टामार्ट
एक शादी में हवन की लकड़ियां भूल जाने से रस्में रुक गईं, लेकिन स्विगी इंस्टामार्ट की 10 मिनट डिलीवरी ने मामला संभाल लिया. डिलीवरी बॉय का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिस पर लोगों ने मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं.

नई दिल्ली: भारतीय शादियों में लाख तैयारियां कर ली जाएं, लेकिन आखिरी वक्त पर किसी जरूरी सामान का गायब हो जाना आम बात मानी जाती है. हालांकि, एक शादी में यह छोटी सी चूक तब बड़ी परेशानी बन गई, जब हवन की रस्म बीच में अटक गई. इसके बाद जो हुआ, उसने सोशल मीडिया पर लोगों को हंसने पर मजबूर कर दिया.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में देखा जा सकता है कि शादी समारोह के बीच अचानक स्विगी इंस्टामार्ट का डिलीवरी पार्टनर वेन्यू पर पहुंचता है. मेहमान तेजी से उसके हाथ से पैकेट लेते हैं और सीधे मंडप की ओर दौड़ पड़ते हैं. बताया गया कि पैकेट में हवन के लिए जरूरी लकड़ियां थीं, जिनके बिना शादी की रस्में आगे नहीं बढ़ पा रही थीं.
हवन की लकड़ियां भूलने से अटक गई रस्में
वीडियो के मुताबिक शादी के दौरान परिवार वाले हवन के लिए जरूरी लकड़ियां लाना भूल गए थे. जैसे ही इसकी जानकारी मिली, तुरंत 10 मिनट डिलीवरी ऐप से ऑर्डर किया गया.
कुछ ही देर में स्विगी इंस्टामार्ट का डिलीवरी बॉय वेन्यू पर पहुंच गया और शादी की रस्में दोबारा शुरू हो सकीं.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
यह वीडियो इंस्टाग्राम यूजर सुप्रिया मट्टापल्ली द्वारा शेयर किया गया है. वीडियो के कैप्शन में मजाकिया अंदाज में लिखा गया कि “यह शादी 10 मिनट की डिलीवरी पर निर्भर थी.”
वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने मजेदार प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दिया.
यूजर्स बोले- भारतीय शादियों में ऐसा होना तय है
वीडियो देखने के बाद कई यूजर्स ने लिखा कि भारतीय शादियों में चाहे महीनों पहले से तैयारी क्यों न हो, लेकिन आखिरी वक्त पर कोई न कोई जरूरी सामान जरूर गायब हो जाता है.
कुछ लोगों ने इसे “रियल इंडियन वेडिंग मोमेंट” बताया, तो कई यूजर्स ने कहा कि अब शादी की प्लानिंग में क्विक डिलीवरी ऐप्स भी जरूरी हो गए हैं.
स्विगी इंस्टामार्ट के कमेंट ने जीता दिल
मामला तब और दिलचस्प हो गया जब खुद स्विगी इंस्टामार्ट ने वीडियो के कमेंट सेक्शन में मजेदार प्रतिक्रिया दी.
कंपनी ने लिखा, "और कुछ चाहिए? अभी लेकर आता हूं."
स्विगी का यह जवाब सोशल मीडिया यूजर्स को इतना पसंद आया कि लोगों ने इसे “परफेक्ट वेडिंग मैनेजमेंट” तक बता दिया.
10 मिनट डिलीवरी ऐप्स पर बढ़ती निर्भरता
वीडियो वायरल होने के बाद कई यूजर्स ने मजाक में कहा कि अब भारतीय शादियां सिर्फ पंडित और कैटरिंग पर नहीं, बल्कि 10 मिनट डिलीवरी ऐप्स पर भी निर्भर हो गई हैं.
यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग इसे जमकर शेयर कर रहे हैं


