क्यों बिना वजह की तकलीफें सहे GenZ? वायरल पोस्ट ने पुरानी सोच पर उठाए बड़े सवाल
इंटरनेट पर वायरल हो रहे एक पोस्ट ने भारतीय परिवारों के भीतर पीढ़ीगत सोच के अंतर को उजागर कर दिया है. इस पोस्ट में तर्क दिया गया है कि 'जेन जी' ने अब पुरानी पीढ़ियों की तरह संघर्षों और कठिनाइयों का महिमामंडन करना बंद कर दिया है.

नई दिल्ली: जब तकनीकी प्रगति से जिंदगी आसान हो सकती है, तो फिर बेवजह संघर्ष क्यों किया जाए? यह सवाल इन दिनों सोशल मीडिया पर एक बड़ी बहस का केंद्र बन चुका है. इंटरनेट पर वायरल हो रहे एक पोस्ट ने भारतीय परिवारों के भीतर पीढ़ीगत सोच के अंतर को उजागर कर दिया है. इस पोस्ट में तर्क दिया गया है कि 'जेन जी' ने अब पुरानी पीढ़ियों की तरह संघर्षों और कठिनाइयों का महिमामंडन करना बंद कर दिया है. इसके बजाय, आज के युवा अपनी प्राथमिकताओं में सुविधा, समय की बचत और कार्यकुशलता को सबसे ऊपर रख रहे हैं. यह बहस इस बात पर छिड़ी है कि आधुनिक भारत में युवा वर्ग काम, सफलता और जीवन जीने के तरीके को किस नजरिए से देखता है.
'प्रेम सोनी' के व्यंग्य से शुरू हुई बहस
इस पूरे विवाद की शुरुआत एक्स (यूजर प्रेम सोनी के एक व्यंग्यात्मक पोस्ट से हुई. उन्होंने भारतीय माता-पिता के उस 'अस्तित्व के संकट' पर चुटकी ली, जो वे तब महसूस करते हैं जब उनके बच्चे किसी भी असहज स्थिति से बचने के लिए आधुनिक सुविधाओं का इस्तेमाल करते हैं. सोनी का तर्क है कि पुरानी पीढ़ियों ने दशकों तक केवल इसलिए कड़ी मेहनत की ताकि आने वाली पीढ़ी का जीवन स्तर बेहतर हो सके. लेकिन विडंबना यह है कि आज वही माता-पिता अपने बच्चों से उम्मीद करते हैं कि वे भी उन्हीं पुरानी दिक्कतों को दोबारा झेलें, जबकि आज उनके पास आधुनिक समाधान मौजूद हैं.
Indian parents are facing a massive existential crisis because Gen Z refuses to suffer for no logical reason.
It is deeply offensive to our culture that a 24 year old will order groceries on Blinkit instead of spending 45 minutes inhaling road dust and fighting a vendor to save…— Prem Soni (@ValueWithPrem) June 28, 2026
समय की बचत बनाम पुराना संघर्ष
पोस्ट में बेहद व्यावहारिक उदाहरण देते हुए बताया गया कि कैसे आज का कोई युवा अगर चंद रुपयों की सौदेबाजी में एक घंटा बर्बाद करने के बजाय ऑनलाइन ग्रोसरी ऑर्डर करता है, तो उसे समझदार के बजाय 'आलसी' करार दे दिया जाता है. इसी तरह, घर के भीतर दिखने वाले अंतर्विरोधों पर भी निशाना साधा गया. एक तरफ माता-पिता चाहते हैं कि उनके बच्चे पढ़-लिखकर बड़े पेशेवर बनें, लेकिन वही बच्चे जब भीड़भाड़ वाली लोकल बस के बजाय कैब बुक करते हैं, तो उनकी आलोचना की जाती है, सिर्फ इसलिए क्योंकि पुरानी पीढ़ी ने कभी बसों में धक्के खाए थे.
क्या सुविधा से खत्म हो रहे हैं जीवन के मूल्य?
इस पोस्ट का मुख्य संदेश यह था कि पूर्वजों द्वारा किए गए त्याग का मकसद आने वाली पीढ़ी के जीवन को सुगम बनाना था, न कि उसे एक ऐसा पैमाना बनाना जिसे हर पीढ़ी को अनिवार्य रूप से भुगतना ही पड़े. प्रेम सोनी के अनुसार, युवाओं को आर्थिक और तकनीकी प्रगति का पूरा लाभ उठाने की आजादी होनी चाहिए. इस पोस्ट पर सोशल मीडिया दो धड़ों में बंट गया है. एक पक्ष का मानना है कि समय की कीमत समझना और तकनीक का इस्तेमाल करना आलस नहीं, बल्कि समझदारी है. वहीं, दूसरे पक्ष का तर्क है कि कभी-कभार की कठिनाइयां इंसान को अनुशासन, धैर्य और जीवन के जरूरी सबक सिखाती हैं.


