मदद के बहाने हैवानियत, डिलीवरी एजेंट ने घर में घुसकर की सारी हदें पार, देखें वायरल वीडियो

एक डिलीवरी बॉय ने घर में अकेली महिला का फायदा उठाकर उसके साथ बदसलूकी की. पीड़िता ने सोशल मीडिया पर अपनी आपबीती साझा करते हुए आरोप लगाया है कि डिलीवरी एजेंट जबरदस्ती उसके फ्लैट में घुसा और उसके साथ अश्लील हरकत की.

Nidhi Jha
Edited By: Nidhi Jha

नई दिल्ली: आज के डिजिटल दौर में ऑनलाइन शॉपिंग और होम डिलीवरी हमारी दिनचर्या का एक अहम हिस्सा बन चुके हैं. घर बैठे अपनी पसंद का सामान मंगाना बेहद सुविधाजनक है, लेकिन कई बार डिलीवरी के लिए आने वाले एजेंट ऐसी खौफनाक घटनाओं को अंजाम दे देते हैं जो सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं. ऐसा ही एक झकझोर देने वाला मामला बेंगलुरु से सामने आया है, जहां एक डिलीवरी बॉय ने घर में अकेली महिला का फायदा उठाकर उसके साथ बदसलूकी की. पीड़िता ने सोशल मीडिया पर अपनी आपबीती साझा करते हुए आरोप लगाया है कि डिलीवरी एजेंट जबरदस्ती उसके फ्लैट में घुसा और उसके साथ अश्लील हरकत की.

मना करने के बाद भी जबरन घर में घुसा

पीड़ित महिला ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस पूरी घटना का विवरण साझा किया है. महिला के अनुसार, डिलीवरी एजेंट उसका एक पार्सल देने के लिए घर आया था. पार्सल देने के बाद उसने महिला से टॉयलेट इस्तेमाल करने की इजाजत मांगी. महिला ने अजनबी होने के कारण उसे साफ तौर पर मना कर दिया और सुरक्षा कारणों से उसे फ्लैट के अंदर आने देने से इनकार कर दिया. महिला ने एजेंट को सुझाव भी दिया कि अगर कोई आपातकालीन स्थिति है, तो वह पड़ोस में रहने वाले अन्य पुरुषों से मदद मांग सकता है. बार-बार मना करने के बावजूद आरोपी एजेंट ने अपनी चप्पलें उतारीं और महिला की मर्जी के खिलाफ जबरदस्ती घर के अंदर दाखिल हो गया.

वॉशरूम से निकलते ही की घिनौनी हरकत

महिला ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा कि टॉयलेट का उपयोग करने के बाद जब वह एजेंट बाहर आया, तो उसने महिला के सामने अपने प्राइवेट पार्ट्स दिखाए और अश्लील हरकतें करने लगा. इस अचानक हुए हमले से महिला गहरे सदमे में आ गई। उसने बताया कि वह अपने ही घर के भीतर बेहद असुरक्षित और अपमानित महसूस कर रही थी.

सुरक्षा के लिए खुला रखा मेन गेट

आरोपी की इस हरकत से महिला बुरी तरह सहम गई थी. उसने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत अपने मोबाइल का कैमरा ऑन कर लिया ताकि सबूत रिकॉर्ड हो सके. खुद को बचाने के लिए उसने फ्लैट का मुख्य दरवाजा खुला रखा और उसी के पास जाकर खड़ी हो गई, ताकि कोई अनहोनी होने पर वह तुरंत मदद के लिए बाहर भाग सके. महिला ने देश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर भी चिंता व्यक्त की.

बेंगलुरु पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने महिला से संपर्क कर घटना और आरोपी का पूरा विवरण साझा करने को कहा है, ताकि कानूनी कार्रवाई शुरू की जा सके. अधिकारियों का कहना है कि वे पीड़िता की तरफ से अतिरिक्त जानकारी और औपचारिक शिकायत का इंतजार कर रहे हैं, जिसके बाद आरोपी डिलीवरी बॉय को गिरफ्तार किया जाएगा. इस घटना ने एक बार फिर होम डिलीवरी सेवाओं की सुरक्षा पर गंभीर बहस छेड़ दी है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो