नई दिल्ली: नीट परीक्षा में हुई कथित धांधली और पेपर लीक मामले को लेकर देश की राजधानी दिल्ली का जंतर-मंतर पिछले एक महीने से विरोध प्रदर्शनों का केंद्र बना हुआ है. शुक्रवार को 'कॉकरोच जनता पार्टी' के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन के दौरान उस वक्त एक बेहद अनोखा और हैरान कर देने वाला नजारा देखने को मिला, जब एक छात्रा लाल जोड़े में दुल्हन की तरह सज-धजकर आंदोलन में शामिल हुई.
स्टूडेंट बनने से बेहतर है शादी कर लेना
दुल्हन की वेशभूषा में आई इस छात्रा ने मीडिया कैमरों से बात करते हुए सरकार और परीक्षा व्यवस्था पर तंज कसा. उसने कहा, अब जब पढ़ाई और कड़ी मेहनत के बाद भी पेपर लीक हो रहे हैं, तो करियर तो बनने से रहा. इससे बेहतर है कि शादी ही कर लो. मैं भी नीट की तैयारी कर एक सफल स्टूडेंट बनना चाहती थी, लेकिन छात्रों का भविष्य इस तरह अंधकार में जाते देखकर अब डर लगने लगा है.
अनोखे अंदाज में विरोध
दुल्हन के कपड़ों में पहुंची इस युवती ने हाथ में 'RIP करियर' और 'कुचू पुचू' लिखे संदेश वाले बैनर-पोस्टर ले रखे थे. प्रदर्शन स्थल पर मौजूद लोगों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी उसके इस अनूठे विरोध का तरीका तेजी से वायरल हो रहा है. छात्रा ने देश के मध्यमवर्गीय परिवारों और अभिभावकों की मनोदशा का जिक्र करते हुए कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक घोटालों से पेरेंट्स पूरी तरह टूट चुके हैं. बेटियां कितनी भी पढ़ाई करना चाहें, लेकिन मौजूदा माहौल को देखकर माता-पिता अब यही सोच रहे हैं कि आगे पढ़ाने का कोई फायदा नहीं है और वे अपनी बेटियों की शादी कराने को मजबूर हो रहे हैं.
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
जब छात्रा से पूछा गया कि वह इस आंदोलन में कब तक आती रहेगी, तो उसने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक छात्रों की आवाज देश के शीर्ष नेतृत्व तक नहीं पहुंच जाती और उनकी जायज मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक वह और उनके साथी इसी तरह जंतर-मंतर पर डटे रहेंगे. उनकी प्रमुख मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा और नीट परीक्षा में धांधली की जांच कराना है. पिछले एक महीने से देश के अलग-अलग राज्यों से आए छात्रों और युवा संगठनों के लगातार जमघट को देखते हुए. दिल्ली पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं ताकि राजधानी में कानून-व्यवस्था कायम रखी जा सके. First Updated : Saturday, 25 July 2026