चंद्रनाथ रथ हत्याकांड:CID की हिरासत में 3 आरोपी, अब भी गिरफ़्तारी का इंतजार
दिव्येंदु अधिकारी ने इस हत्या को सुनियोजित साजिश बताया। उन्होंने कहा कि चंद्रनाथ अक्सर सुवेंदु के साथ रहते थे। दिव्येंदु ने कहा, “कल भी शायद वह उनके साथ होते। हम हरसंभव कदम उठाएंगे और एक मां को न्याय दिलाएंगे।”

नई दिल्ली: सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में बंगाल CID ने बड़ी कार्रवाई की है। CID ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, इस केस में अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
दिव्येंदु अधिकारी ने की पुष्टि
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सुवेंदु अधिकारी के भाई दिव्येंदु अधिकारी ने नामी मीडिया चैनल NDTV से बातचीत में हिरासत की पुष्टि की। उन्होंने कहा, “एक मां ने अपना बेटा खोया है। एक मां की गोद सूनी हुई है। हम उन्हें निराश नहीं करेंगे। नई सरकार बनते ही इस मामले में उचित न्याय किया जाएगा।”
दिव्येंदु अधिकारी ने इस हत्या को सुनियोजित साजिश बताया। उन्होंने कहा कि चंद्रनाथ अक्सर सुवेंदु के साथ रहते थे। दिव्येंदु ने कहा, “कल भी शायद वह उनके साथ होते। हम हरसंभव कदम उठाएंगे और एक मां को न्याय दिलाएंगे।”
ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ थे चंद्रनाथ
दिव्येंदु ने चंद्रनाथ रथ को बेहद ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ इंसान बताया। उन्होंने कहा कि परिवार उन्हें लंबे समय से जानता था। चंद्रनाथ ने कई साल भारतीय वायुसेना में सेवाएं दी थीं। रिटायरमेंट के बाद वे सुवेंदु अधिकारी के साथ काम करने लगे थे। उन्होंने कहा, “हम उनकी हत्या के मामले को यूं ही नहीं छोड़ेंगे। उनकी मां को पूरा इंसाफ दिलाएंगे।”
हर एंगल से जांच में जुटी CID
CID सूत्रों के मुताबिक हिरासत में लिए गए तीनों लोगों से सख्ती से पूछताछ चल रही है। हत्या के पीछे की मंशा और साजिश में शामिल बाकी लोगों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस कॉल डिटेल, CCTV फुटेज और बाइक के रूट मैप को भी खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही कुछ और लोगों से पूछताछ हो सकती है। जांच पूरी होने के बाद ही गिरफ्तारी पर फैसला लिया जाएगा।
वहीं दिव्येंदु अधिकारी ने साफ किया कि बंगाल में BJP सरकार बनते ही इस केस को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा, “एक मां को न्याय दिलाना हमारी जिम्मेदारी है। दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”
चंद्रनाथ रथ की हत्या ने बंगाल की सियासत में हलचल मचा दी है। सुवेंदु अधिकारी के करीबी की हत्या को राजनीतिक साजिश के तौर पर भी देखा जा रहा है। CID अब हर पहलू को जोड़कर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।


