तमिलनाडु में चरम पर पहुंचा सियासी ड्रामा: TTV ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का मांगा इनविटेशन, विजय बहुमत से 2 सीटें पीछे
दिनाकरन ने साफ लिखा, “मैं तमिलनाडु राज्य की नई सरकार बनाने के लिए थिरु एडप्पादी K. पलानीस्वामी के दावे को अपना पूरा समर्थन देता हूं।”

नई दिल्ली: तमिलनाडु की सियासत में एक और नया मोड़ आ गया है। AMMK प्रमुख TTV दिनाकरन ने शुक्रवार (08 मई 2026) को राज्यपाल से मुलाकात की और एडप्पादी K. पलानीस्वामी को सरकार बनाने का न्योता देने की मांग की। दिनाकरन ने अपनी पार्टी के इकलौते विधायक के समर्थन के साथ राज्यपाल को चिट्ठी सौंपी।
दिनाकरन ने चिट्ठी में क्या लिखा?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार राजभवन में दी गई चिट्ठी में दिनाकरन ने AIADMK नेता पलानीस्वामी के दावे को पूरा समर्थन दिया। उन्होंने साफ लिखा, “मैं तमिलनाडु राज्य की नई सरकार बनाने के लिए थिरु एडप्पादी K. पलानीस्वामी के दावे को अपना पूरा समर्थन देता हूं।”
दिनाकरन ने बताया कि AMMK का एक विधायक है, मन्नारगुडी से कामराज S, जिसने इस कदम के समर्थन में चिट्ठी पर साइन किए हैं। चिट्ठी में राज्यपाल से अनुरोध किया गया कि पलानीस्वामी को मुख्यमंत्री पद की शपथ के लिए बुलाया जाए।
एक्टर विजय अब भी बहुमत से 2 सीट दूर
आपको बताते चलें कि दिनाकरन का यह दखल ऐसे वक्त हुआ है जब TVK प्रमुख विजय सरकार बनाने के दावे को लेकर लगे हैं। कांग्रेस, वामपंथी दलों और VCK के समर्थन से विजय बहुमत के करीब पहुंच गए हैं, लेकिन अभी भी 2 सीटें पीछे हैं। AIADMK को मिले AMMK के इस समर्थन ने सीटों का गणित और उलझा दिया है। अब सवाल उठ रहा है कि क्या पर्दे के पीछे कोई दूसरा गठबंधन बनाने की कोशिश चल रही है।
सरकार गठन पर सस्पेंस बरकरार
गौरतलब है कि तमिलनाडु में सरकार बनाने को लेकर अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है। एक तरफ विजय जरूरी आंकड़े जुटाने में लगे हैं, तो दूसरी तरफ AIADMK खेमे ने भी दावेदारी तेज कर दी है। दिनाकरन के एक विधायक का समर्थन भले छोटा लगे।
लेकिन त्रिशंकु विधानसभा में हर सीट मायने रखती है। राजभवन अब किसे पहले बुलाता है, इस पर सबकी नजर है। यदि विजय 2 सीटों का इंतजाम नहीं कर पाए तो AIADMK के लिए रास्ता खुल सकता है। फिलहाल तमिलनाडु का सियासी ड्रामा हर घंटे नया मोड़ ले रहा है।
शपथ ग्रहण होगा या नहीं?
गौरतलब है कि विजय ने शुक्रवार शाम को राज्यपाल से मुलाकात की और 116 विधायकों के समर्थन वाले हस्ताक्षर सौंपे, साथ ही उन्हें बताया कि VCK (जिसके पास दो विधायक हैं) से औपचारिक पत्र जल्द ही मिल जाएगा। सूत्रों ने बताया कि पिछले दो घंटों से TVK, VCK प्रमुख थोल थिरुमावलवन से संपर्क करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पा रहा है। लोक भवन के सूत्रों ने बताया कि VCK का समर्थन पत्र मिलते ही राज्यपाल का कार्यालय शपथ ग्रहण समारोह की घोषणा कर देगा।


