'हम जनता के जनादेश को स्वीकार करते हैं' EPS को छोड़ AIADMK गुट ने विजय की TVK का किया समर्थन

AIADMK नेता सीवी शनमुगम के गुट ने EPS से दरार के बाद तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री जोसेफ विजय की TVK सरकार को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है. शनमुगम ने कहा कि वे जनता के जनादेश को मानते हैं और फ्लोर टेस्ट से पहले अपने गुट के विधायकों के साथ विजय को समर्थन देंगे.

Sonee Srivastav

चेन्नई: तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री जोसेफ विजय को सरकार बनाने के लिए जरूरी समर्थन मिलने की राह आसान हो गई है. AIADMK के वरिष्ठ नेता सीवी शनमुगम ने मंगलवार को घोषणा की कि पार्टी का एक गुट विजय की TVK पार्टी को पूर्ण समर्थन देने का फैसला कर चुका है. यह घोषणा विजय के मुख्यमंत्री बनने के महज दो दिन बाद आई है. 

EPS के साथ गहरी दरार

शनमुगम का यह बयान AIADMK पार्टी के अंदर एडप्पादी के. पलानीस्वामी (EPS) के साथ चल रही बड़ी दरार के बीच आया है. पार्टी में विजय की TVK सरकार को समर्थन देने या न देने को लेकर मतभेद साफ दिख रहे हैं. शनमुगम ने दावा किया है कि उनके गुट के पास पार्टी के बहुमत वाले विधायकों का समर्थन है.

हाल ही में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में AIADMK के कुल 47 उम्मीदवार जीते थे. EPS के पास करीब 20-22 विधायकों का समर्थन माना जा रहा है, जबकि शनमुगम खुद को बहुमत वाला गुट बताते हुए दावा कर रहे हैं कि उनके साथ ज्यादा विधायक हैं.

जनादेश स्वीकार करने का ऐलान

शनमुगम ने स्पष्ट कहा, “हम जनता के जनादेश को स्वीकार करते हैं. जनादेश TVK के लिए नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री विजय के लिए है. हम मुख्यमंत्री विजय को बधाई देते हैं और उनकी TVK सरकार को अपना पूर्ण समर्थन देते हैं.”उन्होंने यह भी बताया कि उनके गुट के विधायक जल्द ही मुख्यमंत्री विजय से मिलकर औपचारिक रूप से समर्थन देने जा रहे हैं.

फ्लोर टेस्ट से पहले महत्वपूर्ण सहारा

यह समर्थन विजय के लिए बहुत अहम समय पर आया है. जोसेफ विजय ने 10 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. 13 मई को तमिलनाडु विधानसभा में फ्लोर टेस्ट होना है, जहां उन्हें बहुमत साबित करना होगा. शनमुगम का ऐलान फ्लोर टेस्ट से ठीक एक दिन पहले आया है, जो विजय की सरकार को मजबूती दे सकता है.

DMK के साथ गठबंधन का आरोप

शनमुगम ने EPS पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी प्रमुख DMK के साथ मिलकर सरकार बनाने के पक्ष में थे. इस मुद्दे पर दोनों गुटों के बीच तनाव बढ़ गया है. शनमुगम का गुट EPS की इस रणनीति से सहमत नहीं है और वह विजय के नेतृत्व वाली TVK सरकार को समर्थन देकर जनादेश का सम्मान करना चाहता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो