भाजपा को बधाई देना पड़ा भारी, TMC ने अपने 5 नेताओं को भेजा नोटिस, पूछा- कार्रवाई क्यों न करें?

पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत के बाद TMC के भीतर बगावत के सुर तेज हो गए हैं. पार्टी नेतृत्व और रणनीति पर सवाल उठाने वाले 5 नेताओं को तृणमूल कांग्रेस ने कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब मांगा है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजों के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर असंतोष खुलकर सामने आने लगा है. भाजपा की जीत के बाद पार्टी नेतृत्व और रणनीति पर सवाल उठाने वाले 5 नेताओं को टीएमसी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है. पार्टी ने इन नेताओं से 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा है.

टीएमसी का आरोप है कि इन नेताओं ने सार्वजनिक तौर पर ऐसे बयान दिए, जो पार्टी लाइन और संगठनात्मक अनुशासन के खिलाफ हैं. नोटिस में पूछा गया है कि उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों न की जाए.

किन नेताओं को भेजा गया नोटिस?

टीएमसी ने जिन नेताओं को नोटिस जारी किया है, उनमें पार्टी प्रवक्ता रिजू दत्ता और कोहिनूर मजूमदार शामिल हैं. इसके अलावा इंग्लिश बाजार नगरपालिका के चेयरमैन कृष्णेंदु नारायण चौधरी, मालदा के पूर्व चेयरमैन कार्तिक और दार्जिलिंग की पूर्व अध्यक्ष पपिया घोष को भी नोटिस भेजा गया है.

पार्टी की ओर से कहा गया है कि इन नेताओं के बयान संगठन और नेतृत्व के खिलाफ रहे हैं, जो प्रथम दृष्टया अनुशासनहीनता की श्रेणी में आते हैं.

नेतृत्व पर उठे सवाल

बताया जा रहा है कि 4 मई को चुनाव परिणाम आने के बाद पार्टी के भीतर एक वर्ग लगातार महासचिव अभिषेक बनर्जी की कार्यशैली और चुनावी रणनीति पर सवाल उठा रहा है.

अभिषेक बनर्जी का नाम इस पूरे विवाद में इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि वह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे हैं और पार्टी में प्रभावशाली भूमिका निभाते हैं.

I-PAC भी नेताओं के निशाने पर

बागी नेताओं ने चुनावी रणनीतिकार कंपनी I-PAC को भी हार के लिए जिम्मेदार ठहराया है. नेताओं का आरोप है कि टिकट वितरण और चुनावी रणनीति में I-PAC की भूमिका के चलते पार्टी को नुकसान हुआ.

पपिया घोष ने नोटिस मिलने के बाद कहा, "मैंने आईपैक पर टिप्पणी की है. आखिर वह कंपनी कोई तृणमूल कांग्रेस तो नहीं है. इस आईपैक के चलते हमें पहले भी परेशानी हुई है."

उन्होंने यह भी कहा कि वह 24 घंटे के भीतर अपना जवाब सौंप देंगी.

भाजपा नेताओं को बधाई देने पर विवाद

इंग्लिशबाजार नगरपालिका के चेयरमैन कृष्णेंदु नारायण चौधरी का कहना है कि उनका जवाब तैयार है और उन्होंने जो कहा, वह सही कहा.

बताया जा रहा है कि उनके नेतृत्व वाली नगरपालिका में सुभेंदु अधिकारी और भाजपा विधायक अमलान भादुरी को जीत की बधाई देने वाला प्रस्ताव भी पारित किया गया था.

हार के कारणों पर खुलकर बोल रहे नेता

टीएमसी के कुछ नेता अब भी पार्टी की हार को लेकर खुलकर बयान दे रहे हैं. बहरामपुर से चुनाव हारने वाले टीएमसी नेता नरुगोपाल मुखर्जी ने कहा कि पार्टी की हार “उगाही” की वजह से हुई है.

इन बयानों के बाद टीएमसी के भीतर बढ़ते असंतोष और अनुशासन को लेकर चर्चा तेज हो गई है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो