बंगाल में सत्ता बदलते ही बदली कोलकाता पुलिस की सोशल मीडिया रणनीति, ममता-अभिषेक को किया अनफॉलो
बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत और शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनते ही सियासी संकेत भी बदलने लगे हैं. कोलकाता पुलिस के आधिकारिक X हैंडल ने ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी को अनफॉलो कर अब नरेंद्र मोदी और अमित शाह को फॉलो करना शुरू कर दिया है.

पश्चिम बंगाल में राजनीतिक सत्ता परिवर्तन के बाद अब प्रशासनिक और डिजिटल स्तर पर भी बदलाव साफ दिखाई देने लगा है. भाजपा की ऐतिहासिक जीत और सुवेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने के बाद कोलकाता पुलिस के आधिकारिक एक्स हैंडल की गतिविधियों ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है.
कोलकाता पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी को अनफॉलो कर दिया है. उनकी जगह अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को फॉलो किया जा रहा है. इस बदलाव को राज्य की नई राजनीतिक परिस्थितियों से जोड़कर देखा जा रहा है.
डिजिटल बदलाव ने बढ़ाई राजनीतिक हलचल
अब तक राज्य प्रशासन के डिजिटल नेटवर्क में ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी प्रमुख रूप से जुड़े हुए थे. लेकिन विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद प्रशासनिक तंत्र में बदलाव की तस्वीर सामने आने लगी है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कोलकाता पुलिस की यह सोशल मीडिया गतिविधि केवल तकनीकी बदलाव नहीं, बल्कि बदलते सत्ता समीकरणों का संकेत भी मानी जा रही है.
भाजपा की जीत के बाद कैसे बदला माहौल?
इस बार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने भारी बहुमत हासिल करते हुए राज्य में तृणमूल कांग्रेस के लंबे शासन का अंत कर दिया. शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में बनी नई सरकार को भाजपा के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है.
ऐसे में कोलकाता पुलिस के एक्स हैंडल में हुआ यह बदलाव इस बात का संकेत माना जा रहा है कि प्रशासन नई राजनीतिक व्यवस्था के साथ तालमेल बैठाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.
सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं
कोलकाता पुलिस के इस कदम को लेकर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. तृणमूल कांग्रेस समर्थकों ने इसे सत्ता के हिसाब से बदलती वफादारी और प्रशासनिक अवसरवाद बताया है. वहीं भाजपा समर्थकों का कहना है कि राज्य में अब भयमुक्त प्रशासन का दौर शुरू होगा और सरकारी संस्थाएं निष्पक्ष तरीके से काम करेंगी.
सुवेंदु अधिकारी ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ
शनिवार को सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. वह राज्य में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बने हैं. सुवेंदु अधिकारी ने बांग्ला भाषा में ईश्वर के नाम पर शपथ ग्रहण किया. शपथ लेने के बाद वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास पहुंचे और उन्हें झुककर प्रणाम किया.
पांच मंत्रियों ने भी संभाली जिम्मेदारी
राज्यपाल आरएन रवि ने सुवेंदु अधिकारी के साथ पांच अन्य विधायकों को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई. इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टूडू और निषिथ प्रमाणिक शामिल रहे. शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, एनडीए और भाजपा शासित राज्यों के 20 मुख्यमंत्री मौजूद रहे.
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानमंत्री मोदी ने रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान उन्होंने भाजपा के 98 वर्षीय वरिष्ठ कार्यकर्ता माखनलाल सरकार का सम्मान किया. पीएम मोदी मंच पर पहुंचते ही उनके पास गए, उन्हें शॉल ओढ़ाई और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया.


