मोदी-शाह से लेकर NDA के 20 मुख्यमंत्रियों तक, सुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए ये दिग्गज नेता
पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के गठन के साथ सुभेंदु अधिकारी ने आज मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. कोलकाता में हो रहे इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई बड़े नेताओं और लाखों समर्थकों के शामिल हुए.

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार का दिन ऐतिहासिक माना जा रहा है. लंबे समय तक तृणमूल कांग्रेस के शासन के बाद अब राज्य में सत्ता परिवर्तन होने जा रहा है. भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सुभेंदु अधिकारी को कोलकाता के प्रतिष्ठित ब्रिगेड परेड ग्राउंड में राज्य के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई. इस समारोह को भाजपा सिर्फ सरकार गठन नहीं, बल्कि बंगाल की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत के रूप में पेश कर रही है. राज्यभर में भाजपा समर्थकों के बीच भारी उत्साह देखा जा रहा है. कोलकाता में सुबह से ही समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई. पार्टी का दावा है कि यह जीत केवल चुनावी सफलता नहीं, बल्कि बंगाल में वर्षों से चले आ रहे राजनीतिक समीकरणों के बदलने का संकेत है.
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत भाजपा के कई बड़े नेताओं के शामिल हुए है. पार्टी इस कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्तर का राजनीतिक आयोजन बना रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे कोलकाता पहुंचे. वहां से वे सीधे हेलीकॉप्टर के जरिए ब्रिगेड परेड ग्राउंड पहुंचे, जहां समारोह आयोजित किया जा रहा है. भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के अलावा कई केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ पदाधिकारी भी इस कार्यक्रम में मौजूद हैं.
कई राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पहुंचे
भाजपा शासित राज्यों के 20 से अधिक मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री इस ऐतिहासिक मौके के गवाह बनने कोलकाता पहुंचे हैं. शामिल हुए प्रमुख नेताओं में अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो और मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह शामिल हैं.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के भी कार्यक्रम में शामिल हुए. इसके अलावा उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, राजस्थान के प्रेमचंद बैरवा और महाराष्ट्र की सुनेत्रा पवार भी समारोह में शामिल होने पहुंचे.
बंगाल भाजपा के नेताओं और खास मेहमानों को निमंत्रण
शपथ ग्रहण समारोह में बंगाल भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं को भी आमंत्रित किया गया था. इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल और नव निर्वाचित भाजपा विधायक शामिल थे. भाजपा ने उन परिवारों को भी विशेष निमंत्रण भेजा है, जिनके परिजन कथित राजनीतिक हिंसा में मारे गए थे. पार्टी का कहना है कि इन परिवारों को सम्मान देना उसके लिए भावनात्मक और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है.
इसके अलावा व्यापार, संस्कृति, साहित्य और फिल्म जगत से जुड़ी कई हस्तियों को भी बुलाया गया. उद्योगपति संजय बुधिया और सज्जन भजंका, अभिनेत्री और नृत्यांगना ममता शंकर, लेखक और कलाकार भी आमंत्रित लोगों में शामिल हैं. न्यायपालिका के वर्तमान और सेवानिवृत्त सदस्यों को भी समारोह में बुलाया गया है. भाजपा इसे “सोनार बांग्ला” की नई शुरुआत के रूप में दिखाने की कोशिश कर रही है.
पहली कैबिनेट बैठक भी हो सकती है
सूत्रों के मुताबिक शपथ ग्रहण के बाद नवगठित भाजपा सरकार राज्य विधानसभा में अपनी पहली कैबिनेट बैठक भी कर सकती है. माना जा रहा है कि सरकार शुरुआती दिनों में प्रशासनिक बदलाव और कानून-व्यवस्था से जुड़े कुछ अहम फैसले ले सकती है. राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की यह जीत केवल सत्ता परिवर्तन नहीं बल्कि राज्य की राजनीति में एक बड़ा बदलाव है. लंबे समय तक विपक्ष की भूमिका निभाने के बाद अब भाजपा पहली बार बंगाल में सरकार बनाने जा रही है.
15 साल बाद बदली सत्ता
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस ने पिछले डेढ़ दशक तक सत्ता संभाली. लेकिन इस बार विधानसभा चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए बहुमत हासिल किया. शुभेंदु अधिकारी, जिन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान पार्टी का सबसे बड़ा चेहरा बनकर काम किया, अब मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं. भाजपा नेताओं का कहना है कि यह परिणाम राज्य की जनता की बदलाव की इच्छा को दर्शाता है. पार्टी ने अपने अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था, राजनीतिक हिंसा और विकास जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया था.


