‘मैंने ममता को भबानीपुर में हराया, इसलिए मेरे PA को मारा...’ सुवेंदु अधिकारी का बड़ा दावा

BJP नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि चंद्रनाथ को सिर्फ इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि वे उनके सहयोगी थे। उन्होंने दावा किया कि भबानीपुर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चुनाव हराने की वजह से यह हत्या हुई है।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने अपने निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या को 'सोची-समझी साजिश' बताया है। BJP नेता ने कहा कि चंद्रनाथ को सिर्फ इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि वे उनके सहयोगी थे। अधिकारी ने दावा किया कि भबानीपुर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चुनाव हराने की वजह से यह हत्या हुई है।

ममता को हराने की सजा मिली 

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मध्यमग्राम में चंद्रनाथ का पार्थिव शरीर अस्पताल से घर लाए जाने के दौरान सुवेंदु अधिकारी ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा, “इस हत्या की जितनी निंदा की जाए कम है। उसे मेरा सहयोगी होने की वजह से मारा गया। मैंने भबानीपुर में ममता बनर्जी को हराया था। उसकी हत्या का कारण यही हो सकता है।” 

भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने परिवार के साथ खड़े होने की बात कही। उन्होंने कहा, “परिवार चाहता है कि हत्यारों को पकड़ा जाए और सख्त सजा मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट बताती है कि उसे 4 गोलियां मारी गईं। यह साफ तौर पर सोची-समझी साजिश थी।” 

कई दिनों तक हुई थी रेकी, फिर मारी गोली 

सुवेंदु अधिकारी ने इसे टारगेट किलिंग बताया। उन्होंने कहा कि हत्या को बहुत बारीकी से अंजाम दिया गया। उन्होंने आगे कहा, “यह एक सुनियोजित ऑपरेशन था। कई दिनों तक रेकी की गई। पीड़ित का पीछा किया गया और फिर करीब से गोली मारी गई। पोस्टमार्टम से साफ है कि तुरंत मौत के लिए बहुत पास से कई गोलियां चलाई गईं।” 

पेशेवर हत्यारों का काम 

भाजपा नेता ने जोर देकर कहा कि यह अचानक हुआ अपराध नहीं है। अधिकारी ने बताया, “यह कोई सामान्य घटना नहीं थी। यह निर्मम और सुनियोजित हमला था। इसे पेशेवर हत्यारों ने अंजाम दिया है।” BJP नेता का आरोप है कि चंद्रनाथ को सिर्फ उनके साथ काम करने की वजह से टारगेट किया गया। 

अधिकारी ने बताया कि परिवार ने जल्द गिरफ्तारी और दोषियों को मौत की सजा तक की मांग की है। उन्होंने कहा, “उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था। कोई राजनीतिक दुश्मनी भी नहीं थी। उसकी पहचान सिर्फ यही थी कि वह मेरे साथ काम करता था।” 

SIT गठित, BSF-DGP ने किया दौरा   

गौरतलब है कि मध्यमग्राम में हुई इस हत्या की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम यानी SIT बना दी गई है। इसमें राज्य पुलिस और CID के अधिकारी शामिल हैं। हालांकि टीम में कितने सदस्य हैं और कौन-कौन अधिकारी हैं, इसका खुलासा नहीं हुआ है। 

गुरुवार (07 मई 2026) सुबह BSF के महानिदेशक प्रवीण कुमार ने घटनास्थल का दौरा किया। इससे पहले बुधवार रात राज्य के DGP सिद्ध नाथ गुप्ता भी मध्यमग्राम अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने जांच का हवाला देकर ज्यादा जानकारी नहीं दी। साफ है कि पुलिस इस मामले को बेहद गंभीर मान रही है।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो