‘पुष्पा को अब मैं देखूंगा...’ फल्टा पुनर्मतदान से पहले सुवेंदु अधिकारी की TMC को चेतावनी
सुवेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि डायमंड हार्बर के लोग अभिषेक बनर्जी के राजनीति में आने के बाद पिछले एक दशक से अपने मताधिकार का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे। उन्होंने कहा कि अब हालात बदल चुके हैं।

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में 21 मई को फल्टा विधानसभा सीट पर होने वाले पुनर्मतदान से पहले सियासी माहौल गरमा गया है। नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने शनिवार (16 मई 2026) को फल्टा में बीजेपी कार्यकर्ताओं की रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान को सीधी चेतावनी दी और कहा कि तथाकथित पुष्पा अब उनकी जिम्मेदारी है।
डायमंड हार्बर में 10 साल से नहीं हो पाया मतदान
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सुवेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि डायमंड हार्बर के लोग अभिषेक बनर्जी के राजनीति में आने के बाद पिछले एक दशक से अपने मताधिकार का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे। उन्होंने कहा कि अब हालात बदल चुके हैं। फल्टा में होने वाला पुनर्मतदान मतदाताओं के अधिकारों को वापस दिलाएगा। सुवेंदु ने लोगों से अपील की कि वे बीजेपी उम्मीदवार को एक लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से जिताएं।
अभिषेक बनर्जी से जुड़ी कंपनी की होगी जांच
रैली में सुवेंदु अधिकारी ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि उन्हें लीप्स एंड बाउंड्स नाम की निजी कंपनी से जुड़ी फाइलें मिल गई हैं। यह कंपनी कथित तौर पर अभिषेक बनर्जी से जुड़ी है। शुभेंदु के मुताबिक कोलकाता नगर निगम से मिली जानकारी में दक्षिण 24 परगना के आमतला में स्थित कंपनी के आलीशान कार्यालय समेत 24 संपत्तियों का ब्योरा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इनकी जांच शुरू कराई जाएगी।
टीएमसी के अत्याचार नहीं भूले हैं
सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि वह टीएमसी की ओर से बीजेपी कार्यकर्ताओं पर किए गए अत्याचार को भूले नहीं हैं। उन्होंने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि पुराने राजनीतिक अपराधों में एफआईआर दर्ज की जाए। साथ ही केंद्रीय योजनाओं के फंड के दुरुपयोग की शिकायतें भी दर्ज करने को कहा गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि फल्टा में हिंसा मुक्त चुनाव कराया जाएगा।
पुष्पा विवाद की क्या है कहानी
गौरतलब है कि सुवेंदु अधिकारी ने फल्टा से टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान को नामित कुख्यात अपराधी बताया। उन्होंने कहा कि वह खुद उसके मामले को देखेंगे। यहां पुष्पा का जिक्र बंगाल चुनाव के दौरान हुए विवाद से जुड़ा है। तब यूपी के आईपीएस अजय पाल शर्मा को दक्षिण 24 परगना में पर्यवेक्षक बनाया गया था।
ड्यूटी के दौरान उन्होंने जहांगीर खान को सख्त चेतावनी दी थी। इसके जवाब में जहांगीर ने कहा था कि यह यूपी नहीं बंगाल है। यहां कोई सिंघम नहीं चलेगा। अगर वो सिंघम हैं तो मैं भी पुष्पा हूं। शुभेंदु ने इसी बयान को लेकर कहा कि तथाकथित पुष्पा अब उनकी जिम्मेदारी है।


