पश्चिम बंगाल में सरकार गठन की तैयारी तेज, विधायक दल की बैठक के लिए कोलकाता पहुंचे अमित शाह

पश्चिम बंगाल की राजनीति में शुक्रवार को बड़ा दिन होने जा रहा है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मोहन चरण माझी कोलकाता पहुंच गए हैं, जहां नवनिर्वाचित भाजपा विधायकों के साथ अहम बैठक होगी.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

अमित शाह शुक्रवार को पश्चिम बंगाल पहुंचे, जहां वह भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों की अहम बैठक में हिस्सा लेंगे. इस बैठक में पार्टी के विधायक दल के नेता का चुनाव किया जाएगा, जिसे राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनाए जाने का रास्ता साफ माना जा रहा है.

गृह मंत्री के साथ मोहन चरण माझी भी बैठक में शामिल होंगे. यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब राज्यपाल आरएन रवि ने गुरुवार को विधानसभा का कार्यकाल पूरा होने के बाद पश्चिम बंगाल विधानसभा को भंग कर दिया.

सुवेंदु अधिकारी सबसे आगे

सुवेंदु अधिकारी का नाम विधायक दल के नेता और संभावित मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे मजबूत दावेदारों में माना जा रहा है. पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा के अभियान के दौरान वह पार्टी का प्रमुख चेहरा रहे. भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को हराने के बाद उनकी दावेदारी और मजबूत मानी जा रही है. चुनाव प्रचार के दौरान सुवेंदु अधिकारी ने कहा था, मैं 2011 के 'परिवर्तन' का हिस्सा था, और अब मैं वास्तविक परिवर्तन का हिस्सा हूं.

ममता बनर्जी के करीबी से BJP का बड़ा चेहरा बनने तक

सुवेंदु अधिकारी का राजनीतिक सफर बंगाल की राजनीति में खास महत्व रखता है. वह कभी ममता बनर्जी  के करीबी सहयोगियों में गिने जाते थे और 2011 में वाम मोर्चे की सरकार को हटाने में उनकी अहम भूमिका मानी जाती है. हालांकि, 2021 विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया था. उस समय उनके इस फैसले को बड़ा राजनीतिक दांव माना गया था.

कई अन्य नेताओं के नाम भी चर्चा में

मुख्यमंत्री पद की दौड़ में दिलीप घोष, समिक भट्टाचार्य, अग्निमित्रा पॉल और रूपा गांगुली जैसे नेताओं के नाम भी शामिल बताए जा रहे हैं, लेकिन सुवेंदु अधिकारी फिलहाल सबसे आगे माने जा रहे हैं.

शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां तेज

कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शनिवार सुबह करीब 10 बजे होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां भी तेज हो गई हैं. समारोह में नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे. अमित शाह भी समारोह में मौजूद रहेंगे.

चुनाव परिणाम में BJP की बड़ी जीत

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के अंतिम नतीजों में भाजपा ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए 207 सीटें हासिल कीं. वहीं, तृणमूल कांग्रेस को 80 सीटें मिलीं. इसके अलावा कांग्रेस और आम जनता उन्नयन पार्टी को दो-दो सीटें मिलीं, जबकिभारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) केवल एक सीट जीत सकी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो