सुवेंदु अधिकारी के PA का हत्यारोपी गिरफ्तार! हरिद्वार से दिल्ली भागने का था प्लान, पुलिस ने दबोचा
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी राजकुमार बलिया जिले के रसड़ा थाना क्षेत्र के रतोपुर सांवरा गांव का निवासी है। चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद से ही उसका मोबाइल फोन बंद था। CBI और बंगाल पुलिस की टीमें अब भी बलिया में कई अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही हैं।

नई दिल्ली: मुजफ्फरनगर पुलिस और CBI की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी कामयाबी मिली है। पश्चिम बंगाल के नेता सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी का नाम राजकुमार है और वह उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का रहने वाला है। उसे छपार टोल प्लाजा, NH-58 हाइवे से पकड़ा गया। गिरफ्तारी के समय वह हरिद्वार से दिल्ली भागने की कोशिश कर रहा था।
बलिया का रहने वाला है आरोपी राजकुमार
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी राजकुमार बलिया जिले के रसड़ा थाना क्षेत्र के रतोपुर सांवरा गांव का निवासी है। चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद से ही उसका मोबाइल फोन बंद था। CBI और बंगाल पुलिस की टीमें अब भी बलिया में कई अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही हैं। इससे पहले इस मामले में ठाकुर राज सिंह नाम के आरोपी को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। कोलकाता पुलिस ने उत्तर प्रदेश से पहले ही तीन शार्प शूटरों को दबोचा था।
6 मई को हुई थी PA की हत्या
आपको बताते चलें कि चंद्रनाथ रथ की हत्या 6 मई को कोलकाता से करीब 7 किलोमीटर दूर दोहरिया लेन में की गई थी। बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी की बड़ी जीत के दो दिन बाद हुई इस वारदात से पूरे राज्य में हड़कंप मच गया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि रथ की SUV को उनके घर के पास एक सिल्वर रंग की कार ने रोका था। इसके बाद दोपहिया वाहनों पर सवार हथियारबंद हमलावरों ने बेहद करीब से गोलियां चला दीं। हमले के बाद आरोपी कार छोड़कर दूसरे वाहनों से फरार हो गए थे।
यूपी से जुड़े निकले हमलावरों के तार
गौरतलब है कि CBI की जांच में खुलासा हुआ कि हत्या में शामिल कई हमलावरों के तार उत्तर प्रदेश से जुड़े हैं। वारदात के बाद से ही केंद्रीय एजेंसी और बंगाल पुलिस लगातार यूपी में दबिश दे रही थी। राजकुमार की गिरफ्तारी को इस केस में अहम माना जा रहा है। पूछताछ में कई और नामों का खुलासा हो सकता है। सुवेंदु अधिकारी के करीबी की हत्या को राजनीतिक साजिश से भी जोड़कर देखा जा रहा है। फिलहाल CBI आरोपी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है।


