नई दिल्ली: अगर आप बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम करने की योजना बना रहे हैं, तो पहले यह खबर पढ़ लें. 28 फरवरी से लगातार पांच दिनों तक अलग-अलग कारणों से देश के कई हिस्सों में बैंक बंद रहने वाले हैं. तो अगर आप आज यानी 27 फरवरी को बैंक से सम्बंधित अपना काम पूरा नहीं करते हैं तो आपको लंबे समय तक इंतजार करना पड़ सकता है.
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की जारी हॉलिडे लिस्ट के मुताबिक, चौथा शनिवार, रविवार और होली के त्योहार के चलते विभिन्न राज्यों में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी. ऐसे में घर से निकलने से पहले अपने शहर की छुट्टियों की जानकारी जरूर जांच लें.
बैंकों की छुट्टियां 28 फरवरी से शुरू हो रही हैं. यह महीने का चौथा शनिवार है, जिस कारण देशभर में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी. इसके अगले दिन 1 मार्च को रविवार है, इसलिए इस दिन भी बैंकों में नियमित कामकाज नहीं होगा.
मार्च की शुरुआत के साथ ही त्योहारों का दौर भी शुरू हो रहा है, जिसके चलते 2 मार्च से अलग-अलग राज्यों में होली के कारण बैंक बंद रहेंगे. यदि आपने 27 फरवरी तक अपने जरूरी काम नहीं निपटाए, तो आपको कुछ दिनों का इंतजार करना पड़ सकता है.
इस बार होली की छुट्टियों को लेकर अलग-अलग राज्यों में अलग व्यवस्था है.
2 मार्च (होलिका दहन): लखनऊ और कानपुर में बैंक बंद रहेंगे, जबकि अन्य शहरों में सामान्य कामकाज होगा.
3 मार्च (धुलंडी/डोल जतरा): दिल्ली, मुंबई, जयपुर, पटना और कोलकाता जैसे प्रमुख शहरों में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी.
4 मार्च (होली): अहमदाबाद, चंडीगढ़, रांची और लखनऊ सहित देश के कई शहरों में बैंक पूरी तरह बंद रहेंगे.
ध्यान रहे कि बैंक अवकाश पूरे देश में एक साथ लागू नहीं होते, इसलिए अपने शहर की स्थिति की पुष्टि करना जरूरी है.
हालांकि बैंक शाखाएं बंद रहेंगी, लेकिन डिजिटल बैंकिंग सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी. ग्राहक मोबाइल बैंकिंग, नेट बैंकिंग और UPI के जरिए लेनदेन कर सकते हैं. एटीएम (ATM) से नकदी निकासी की सुविधा भी जारी रहेगी, जिससे कैश ट्रांजैक्शन में कोई परेशानी नहीं होगी. First Updated : Friday, 27 February 2026