नई दिल्ली: दुनिया के अरबपतियों की सूची में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिला है. टेक जगत के दिग्गज लैरी एलिसन ने जबरदस्त छलांग लगाते हुए दुनिया के तीसरे सबसे अमीर व्यक्ति का स्थान हासिल कर लिया है. उनकी संपत्ति में एक ही दिन में 21.4 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई, जिससे उन्होंने सर्गी ब्रिन को पीछे छोड़ दिया.
ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक, अब लैरी एलिसन की कुल संपत्ति 302 अरब डॉलर तक पहुंच गई है. वहीं, सर्गी ब्रिन की नेटवर्थ घटकर 296 अरब डॉलर रह गई, जिसके बाद वह चौथे स्थान पर खिसक गए.
दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में एलन मस्क अब भी पहले स्थान पर बने हुए हैं. हालांकि, उनकी दौलत में 14.3 अरब डॉलर की गिरावट दर्ज की गई है. इसके बावजूद उनकी कुल संपत्ति 721 अरब डॉलर बनी हुई है. दूसरे स्थान पर लैरी पेज हैं. उनकी संपत्ति में भी करीब 2.92 अरब डॉलर की कमी आई है और अब उनका नेटवर्थ 319 अरब डॉलर रह गया है.
अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस को भी बड़ा नुकसान हुआ है. उनकी संपत्ति 8.14 अरब डॉलर घट गई, जिसके बाद वह चौथे से पांचवें स्थान पर पहुंच गए. अब उनकी कुल संपत्ति 281 अरब डॉलर रह गई है.
वहीं, मेटा के मालिक मार्क जुकरबर्ग की दौलत में 11 अरब डॉलर की गिरावट आई है. इसके साथ ही वह दुनिया के अमीरों की सूची में सातवें नंबर पर पहुंच गए हैं. उनकी कुल संपत्ति अब 214 अरब डॉलर है.
सोमवार को सबसे ज्यादा कमाई करने वाले अरबपति इटली के जियानकार्लो देवासिनी रहे. उनकी संपत्ति में एक ही दिन में 45.9 अरब डॉलर का इजाफा हुआ. देवासिनी क्रिप्टो कंपनी टेथर होल्डिंग्स के चेयरमैन और बड़े शेयरहोल्डर हैं.
माइकल डेल को भी 15.1 अरब डॉलर का फायदा हुआ और वह छठे स्थान पर पहुंच गए. वहीं, एनवीडिया के जेनसेंग हुआंग की संपत्ति 10.6 अरब डॉलर बढ़कर 186 अरब डॉलर हो गई है. अरबपतियों की इस नई सूची ने एक बार फिर साबित कर दिया कि टेक और क्रिप्टो दुनिया में उतार-चढ़ाव कितनी तेजी से अमीरों की रैंकिंग बदल देता है. First Updated : Tuesday, 02 June 2026