नई दिल्ली: जुलाई का पहला दिन आम उपभोक्ताओं के लिए राहत भरा साबित हुआ है. नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल के दामों में कटौती का ऐलान कर दिया है. अब लोग पेट्रोल 5 रुपये सस्ता और डीजल 3 रुपये कम दाम पर खरीद सकेंगे.
1 जुलाई से नायरा एनर्जी के पूरे देश में फैले करीब 7,000 पेट्रोल पंपों पर नई कीमतें लागू हो गई हैं. कंपनी ने आम लोगों को महंगाई से कुछ राहत देते हुए यह फैसला लिया है. बुधवार से पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की कमी कर दी गई है.
पश्चिम एशिया में हाल के दिनों में तनाव कम होने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें घटी हैं. एक महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग के फिर से खुलने से तेल और एलएनजी की आपूर्ति सामान्य हुई है. इससे आपूर्ति बाधित होने का डर कम हुआ और वैश्विक स्तर पर तेल सस्ता हुआ. नायरा एनर्जी ने इसी स्थिति का फायदा ग्राहकों को पहुंचाया है.
उद्योग विशेषज्ञों के अनुसार, पिछले दो साल में किसी भी कंपनी द्वारा खुदरा ईंधन की कीमतों में यह पहली कटौती है. विभिन्न राज्यों में वैट समेत स्थानीय टैक्स अलग-अलग होने के कारण अंतिम कीमत में थोड़ा अंतर रह सकता है.
देश की प्रमुख सरकारी तेल कंपनियां इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने अभी दामों में कोई बदलाव नहीं किया है. इनके पास देशभर में एक लाख से ज्यादा पेट्रोल पंप हैं. दिल्ली में इन कंपनियों के पंपों पर पेट्रोल अभी ₹102.12 प्रति लीटर और डीजल ₹95.20 प्रति लीटर पर ही बिक रहा है.
इस साल 26 मार्च को जब पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा था, तब अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतें अचानक चढ़ गई थी. नायरा एनर्जी ने उस समय पेट्रोल में 5 रुपये और डीजल में 3 रुपये की बढ़ोतरी कर दी थी. बाद में मई महीने में सरकारी कंपनियों ने भी पेट्रोल और डीजल दोनों में ₹7.50 प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की थी.
अब नायरा ने मार्च वाली अपनी पूरी बढ़ोतरी वापस ले ली है. यह देखा जा रहा है कि वैश्विक तेल बाजार के स्थिर होते ही भारतीय उपभोक्ताओं को सस्ते ईंधन का लाभ मिलना शुरू हो गया है. First Updated : Wednesday, 01 July 2026