Petrol Diesel Price: अमेरिका-ईरान तनाव से तेल बाजार में हलचल, क्या भारत में फिर महंगा होगा पेट्रोल-डीजल?

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज बढ़त दर्ज की गई है, लेकिन भारत में पेट्रोल और डीजल के दाम फिलहाल स्थिर हैं. देश में पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों में आखिरी बार 25 मई 2026 को बदलाव किया गया था.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में एक बार फिर तेजी देखने को मिल रही है. अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव तथा होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास हुई घटनाओं ने वैश्विक तेल बाजार को प्रभावित किया है. इसके बावजूद भारत में आम लोगों को फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में किसी तरह का बदलाव नहीं देखने को मिला है. सरकारी तेल कंपनियों ने 8 जुलाई 2026 के लिए भी ईंधन के दाम स्थिर रखे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को राहत तो मिली है, लेकिन भविष्य में कीमतों को लेकर चिंता भी बनी हुई है.

देश में पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों में आखिरी बार 25 मई 2026 को बदलाव किया गया था. इसके बाद से तेल कंपनियों ने लगातार दाम स्थिर रखे हैं. हालांकि वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कई बार उतार-चढ़ाव आया, लेकिन उसका असर अभी तक घरेलू खुदरा कीमतों पर नहीं पड़ा है. इससे पहले मई 2026 में तेल कंपनियों ने कुल चार बार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की थी. विधानसभा चुनाव समाप्त होने के बाद 15 मई से 25 मई के बीच अलग-अलग चरणों में ईंधन महंगा किया गया. इन बढ़ोतरी के बाद से अब तक कीमतें यथावत बनी हुई हैं.

चार महानगरों में पेट्रोल की ताजा कीमत

सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा जारी ताजा दरों के अनुसार, देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल के दाम इस प्रकार हैं-

दिल्ली: 102.12 रुपये प्रति लीटर

कोलकाता: 113.51 रुपये प्रति लीटर
मुंबई: 111.21 रुपये प्रति लीटर
चेन्नई: 107.77 रुपये प्रति लीटर

इन शहरों में बुधवार को भी किसी प्रकार का बदलाव दर्ज नहीं किया गया.

डीजल की कीमतें भी स्थिर

डीजल के दामों में भी कोई संशोधन नहीं किया गया है. प्रमुख महानगरों में प्रति लीटर डीजल की कीमत इस प्रकार है-

दिल्ली: 95.20 रुपये
कोलकाता: 99.02 रुपये
मुंबई: 97.83 रुपये
चेन्नई: 99.55 रुपये

हालांकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चा तेल महंगा हो रहा है, लेकिन घरेलू बाजार में फिलहाल उपभोक्ताओं को पुराने दामों पर ही ईंधन मिल रहा है.

वैश्विक बाजार में फिर बढ़ी कच्चे तेल की कीमत

बुधवार सुबह अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उल्लेखनीय बढ़त दर्ज की गई. इसकी सबसे बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच फिर से बढ़ा तनाव माना जा रहा है. रिपोर्टों के अनुसार, ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के दौरान अमेरिकी सेना ने ईरान से जुड़े ठिकानों पर नए हमले किए. इससे कुछ घंटे पहले होर्मुज जलडमरूमध्य के पास तीन व्यापारिक जहाजों पर हमले की खबर भी सामने आई थी. इन घटनाओं ने वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ा दी, जिसका सीधा असर कच्चे तेल के बाजार पर देखने को मिला.

ब्रेंट और डब्ल्यूटीआई क्रूड में तेजी

अंतरराष्ट्रीय कारोबार के दौरान ब्रेंट क्रूड करीब 2.74 प्रतिशत की बढ़त के साथ लगभग 76.19 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखाई दिया. वहीं डब्ल्यूटीआई (WTI) क्रूड भी लगभग 2.88 प्रतिशत मजबूत होकर 72.47 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया. इसके अलावा मुरबन क्रूड में भी करीब 3.43 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई और इसका भाव लगभग 68.97 डॉलर प्रति बैरल रहा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो