दिल्ली से यूपी तक बरसेंगे बादल, IMD ने 15 राज्यों के लिए जारी किया अलर्ट, अगले 3 दिन भारी बारिश की चेतावनी

दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में मॉनसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक कई इलाकों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में एक बार फिर मॉनसून पूरी ताकत के साथ सक्रिय हो गया है. पिछले कुछ दिनों से बारिश की रफ्तार धीमी पड़ गई थी, लेकिन अब मौसम ने करवट ले ली है. मौसम विभाग ने दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में अगले तीन दिनों तक मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है. राजधानी दिल्ली के लिए दो दिन का येलो अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और उत्तराखंड सहित कई राज्यों में भी तेज बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है.

भारत मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार और बुधवार को दिल्ली-एनसीआर का मौसम पूरी तरह बदला हुआ रहेगा. दिनभर आसमान में घने बादल छाए रहने की संभावना है. कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी दर्ज की जा सकती है. बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी. मौसम विभाग का कहना है कि 9 जुलाई तक राजधानी में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. लगातार बारिश के कारण अधिकतम तापमान में करीब 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है. वहीं, हवा की गुणवत्ता (AQI) में भी सुधार देखने को मिला है और यह संतोषजनक श्रेणी में पहुंच गई है.

उत्तर प्रदेश में कई जिलों के लिए बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में भी मॉनसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 10 जुलाई तक अच्छी बारिश होने की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 11 से 13 जुलाई के बीच तेज बारिश का अनुमान लगाया गया है. नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, मेरठ समेत पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है. वहीं लखनऊ, कानपुर और अवध क्षेत्र के अन्य जिलों में भी अगले कुछ दिनों तक गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है.

हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भी बिगड़ सकता है मौसम

पर्वतीय राज्यों में भी बारिश का दौर लगातार जारी रहने वाला है. मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 8 से 12 जुलाई तक तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है. हिमाचल प्रदेश में 8 से 13 जुलाई के बीच कई इलाकों में भारी वर्षा हो सकती है. उत्तराखंड में भी इसी अवधि के दौरान अच्छी बारिश होने का अनुमान है. इन राज्यों में तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. लोगों को पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

राजस्थान और हरियाणा में भी सक्रिय रहेगा मॉनसून

पूर्वी राजस्थान में 8 और 9 जुलाई के दौरान भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. वहीं पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी 9 जुलाई को अच्छी बारिश हो सकती है. हरियाणा के गुरुग्राम, हिसार, झज्जर, भिवानी सहित कई जिलों में अगले तीन दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग का कहना है कि इन इलाकों में कहीं-कहीं तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है.

मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड में भी बरसेंगे बादल

मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में 9 जुलाई तक और पूर्वी मध्य प्रदेश में 11 जुलाई तक बारिश जारी रहने का अनुमान है. छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में भी भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है. बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्रों में 8 से 11 जुलाई के बीच गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है. ओडिशा में भी अगले कुछ दिनों तक मॉनसून पूरी तरह सक्रिय रहने की संभावना है.

मॉनसून का दायरा लगातार बढ़ रहा

मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है. इसके प्रभाव से गुजरात के शेष हिस्सों के साथ राजस्थान और हरियाणा के बाकी क्षेत्रों में भी मॉनसून पूरी तरह सक्रिय होने की स्थिति बन रही है. अगले दो से तीन दिनों के दौरान अरब सागर से आने वाली नमी और अनुकूल मौसमीय परिस्थितियों के कारण पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर भारत के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा गुजरात, कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो