कच्चे तेल के दामों में भारी गिरावट, जानिए आज आपके शहर में क्या हैं पेट्रोल-डीजल के रेट

कच्चा तेल अब दो महीने के न्यूनतम स्तर पर आ गया है. हालांकि, इस बड़ी गिरावट के बावजूद भारतीय तेल कंपनियों ने घरेलू बाजार में आम जनता को कोई राहत नहीं दी है. जानिए आज की ताजा रेट क्या है.

Nidhi Jha
Edited By: Nidhi Jha

नई दिल्ली: वैश्विक बाजार से राहत की बड़ी खबर आ रही है. इस सप्ताह शुक्रवार को इंटरनेशनल क्रूड ऑयल मार्केट में भारी गिरावट दर्ज की गई. जिससे मानक ब्रेंट क्रूड के दाम तीन फीसदी से ज्यादा टूट गए. पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के संकेतों के बीच कच्चा तेल अब दो महीने के न्यूनतम स्तर पर आ गया है. हालांकि, इस बड़ी गिरावट के बावजूद भारतीय तेल कंपनियों ने घरेलू बाजार में आम जनता को कोई राहत नहीं दी है. शनिवार, 13 जून 2026 को भी देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें पूरी तरह स्थिर रहीं.

अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्यों आई गिरावट?

अमेरिका और तेहरान की तरफ से सकारात्मक संकेत मिलने के बाद पश्चिम एशिया में स्थितियां सुधरने की उम्मीद जगी है. इस वजह से शुक्रवार को बाजार बंद होने के समय ब्रेंट क्रूड का भाव 3.37 फीसदी यानी 3.05 डॉलर गिरकर 87.33 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया. वहीं, डब्ल्यूटीआई क्रूड भी 3.23 फीसदी की कमजोरी के साथ 84.88 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ. गौरतलब है कि ईरान युद्ध शुरू होने के बाद कच्चे तेल की कीमतों में करीब 50 फीसदी का उछाल आया था. जिससे वैश्विक अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ गया था.

मई में 11 दिनों के भीतर 4 बार बढ़े थे दाम

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव खत्म होते ही सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों ने मई महीने में महज 11 दिनों के भीतर चार बार कीमतें बढ़ाई थीं. तेल कंपनियों ने सबसे पहले 15 मई 2026 को पेट्रोल 3 रुपये और डीजल 3.29 रुपये महंगा किया था. इसके बाद 19 मई को पेट्रोल 87 पैसे तो डीजल 91 पैसे बढ़ाया गया. फिर 23 मई को दोबारा पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे महंगा हुआ, जबकि आखिरी बार 25 मई को पेट्रोल में 2.61 रुपये और डीजल में 2.71 रुपये की बड़ी बढ़ोतरी की गई थी.

कोई बदलाव नहीं

बीते 25 मई के बाद से घरेलू कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है. एक अनुमान के मुताबिक, पिछले दिनों क्रूड ऑयल महंगा होने के कारण सरकारी तेल कंपनियों को रोजाना पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और जेट फ्यूल पर करीब 750 करोड़ रुपये का भारी घाटा उठाना पड़ रहा था. यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय कीमतें घटने के बाद भी कंपनियां अभी पुरानी भरपाई में जुटी हैं.

देश के 4 महानगरों में आज के भाव

  • सरकारी तेल कंपनियों की तरफ से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश के चारों महानगरों में ईंधन के दाम स्थिर बने हुए हैं.
  • देश की राजधानी दिल्ली में आज पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर की कीमत पर मिल रहा है. 
  • आर्थिक राजधानी मुंबई की बात करें तो यहां पेट्रोल का दाम 111.21 रुपये प्रति लीटर और डीजल का भाव 97.83 रुपये प्रति लीटर बना हुआ है.
  • इसके अलावा कोलकाता में उपभोक्ताओं को एक लीटर पेट्रोल के लिए 113.51 रुपये और डीजल के लिए 99.02 रुपये चुकाने पड़ रहे हैं.
  • वहीं दक्षिण भारत के प्रमुख महानगर चेन्नई में आज पेट्रोल 107.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल 99.55 रुपये प्रति लीटर के स्तर पर बिक रहा है.

घर बैठे ऐसे चेक करें अपने शहर का रेट

पेट्रोल-डीजल के दाम रोज सुबह 6 बजे अपडेट होते हैं. आप अपने मोबाइल से एक साधारण SMS भेजकर भी अपने शहर के ताजा रेट जान सकते हैं.

मैसेज भेजकर ताजा भाव पता कर सकते हैं.

इंडियन ऑयल के ग्राहक अपने मोबाइल से RSP <शहर का कोड> लिखकर 9224992249 पर मैसेज भेज सकते हैं. भारत पेट्रोलियम के उपभोक्ता RSP <शहर का कोड> लिखकर 9223112222 पर एसएमएस भेजकर जानकारी हासिल कर सकते हैं. वहीं, हिंदुस्तान पेट्रोलियम के उपभोक्ता HPPRICE <शहर का कोड> लिखकर 9222201122 पर मैसेज भेजकर ताजा भाव पता कर सकते हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो