दिल्ली समेत उत्तर भारत में अगले कई दिनों तक बरसेंगे बादल, IMD ने जारी किया नया अपडेट
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में 13 से 17 जून के बीच कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है. इस दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश देखने को मिल सकती है.

नई दिल्ली: भीषण गर्मी से परेशान लोगों को आखिरकार राहत मिलनी शुरू हो गई है. दिल्ली-एनसीआर में हुई बारिश ने मौसम को काफी सुहाना बना दिया है. दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में रात के समय हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों ने राहत की सांस ली. हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि यह राहत अभी कुछ दिनों तक बनी रह सकती है, क्योंकि उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.
Advance of Southwest Monsoon 2026
❖ The Southwest Monsoon has further advanced into entire northwest Bay of Bengal, some more parts of westcentral Bay of Bengal, West Bengal & Bihar, and some parts of Odisha & Jharkhand, today the 12th June, 2026.
❖ The Northern Limit of… pic.twitter.com/vkU7DEs1e6— India Meteorological Department (@Indiametdept) June 12, 2026
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में 13 से 17 जून के बीच कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है. इस दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश देखने को मिल सकती है. उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में 13 जून को मौसम बदलने के संकेत हैं, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 14 से 17 जून तक बारिश और आंधी-तूफान का असर बना रह सकता है. कुछ स्थानों पर बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है.
राजस्थान में धूल भरी आंधी का अलर्ट
राजस्थान के कई इलाकों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ सकता है. मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी चलने की चेतावनी जारी की है. 13 जून को कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है. हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
उत्तराखंड और हिमाचल में भी बदलेगा मौसम
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम सक्रिय बना हुआ है. उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रह सकता है. उत्तराखंड में 13 से 15 जून के बीच कई स्थानों पर बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है. यहां हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. वहीं हिमाचल प्रदेश में 13 से 17 जून तक अलग-अलग क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 14 से 16 जून के बीच तेज हवाओं के साथ मौसम और अधिक सक्रिय रहने का अनुमान है.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी असर
मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भी मौसम लगातार करवट ले रहा है. पूर्वी मध्य प्रदेश में 11 से 17 जून तक और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 13 से 17 जून तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है. इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं. विदर्भ क्षेत्र में 14 और 15 जून को मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. वहीं छत्तीसगढ़ में भी 13 से 15 जून तक कई जगहों पर बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है.
तेजी से आगे बढ़ रहा है मॉनसून
देश में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून लगातार आगे बढ़ रहा है और अब तक 16 राज्यों तक पहुंच चुका है. इसके प्रभाव से केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और गोवा में अच्छी बारिश हो रही है. बिहार में भी मॉनसून सक्रिय हो चुका है और कई क्षेत्रों में वर्षा दर्ज की जा रही है.
मौसम विभाग के अनुसार मॉनसून अब झारखंड, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की ओर बढ़ चुका है तथा जल्द ही उत्तर प्रदेश में भी दस्तक दे सकता है. अनुमान है कि 20 से 22 जून के बीच मॉनसून उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों तक पहुंच जाएगा. हालांकि मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अल नीनो की सक्रियता पर भी नजर रखी जा रही है, क्योंकि इसका असर आने वाले दिनों में बारिश के पैटर्न पर पड़ सकता है.


