कृतिका नक्षत्र में मंगल का गोचर, इन 4 राशियों के लिए खुलने जा रहे हैं तरक्की के बंद दरवाजे
वैदिक ज्योतिष शास्त्र में ग्रहों के सेनापति माने जाने वाले मंगल देव जल्द ही अपना नक्षत्र परिवर्तन करने जा रहे हैं. आगामी 16 जून 2026 को मंगल ग्रह, सूर्य के स्वामित्व वाले 'कृतिका नक्षत्र' में प्रवेश करेंगे.

नई दिल्ली: वैदिक ज्योतिष शास्त्र में ग्रहों के सेनापति माने जाने वाले मंगल देव जल्द ही अपना नक्षत्र परिवर्तन करने जा रहे हैं. आगामी 16 जून 2026 को मंगल ग्रह, सूर्य के स्वामित्व वाले 'कृतिका नक्षत्र' में प्रवेश करेंगे. ज्योतिषियों के अनुसार, मंगल और सूर्य दोनों ही अग्नि प्रधान ग्रह हैं और इन्हें साहस, पराक्रम व ऊर्जा का कारक माना जाता है. ऐसे में मंगल का सूर्य के नक्षत्र में जाना बेहद प्रभावशाली रहेगा. यह खगोलीय घटना 5 जुलाई 2026 तक प्रभावी रहेगी, जिससे मुख्य रूप से मेष, सिंह, वृश्चिक और मीन राशि के जातकों के करियर और आर्थिक जीवन में बड़े सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे.
इन 4 राशियों की खुलेगी किस्मत
मेष राशि: नौकरीपेशा जातकों को कार्यक्षेत्र में पदोन्नति या कोई बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है. इस अवधि में आपका आत्मविश्वास चरम पर रहेगा और आप जिस भी काम में हाथ डालेंगे उसमें सफलता मिलेगी. व्यापारियों के लिए मुनाफे के नए योग बनेंगे.
सिंह राशि: ऑफिस में आपके काम को नई पहचान मिलेगी. बॉस और सीनियर्स के साथ आपके संबंध मजबूत होंगे, जिससे मान-सम्मान में वृद्धि होगी. काफी समय से अटके हुए सरकारी या निजी काम इस दौरान गति पकड़ेंगे.
वृश्चिक राशि: आपके कार्यों में आ रही बाधाएं दूर होंगी. यदि आप बिजनेस में हैं, तो कोई बड़ी व्यावसायिक डील फाइनल हो सकती है. धन आगमन के नए स्रोत खुलने से आपकी वित्तीय स्थिति पहले के मुकाबले काफी अच्छी होगी.
मीन राशि: यह गोचर आपके रोजगार और व्यापार में स्थिरता लेकर आएगा. कार्यक्षेत्र में सहकर्मियों का पूरा सहयोग मिलेगा। सही समय पर लिए गए सटीक निर्णय आपको भविष्य में बड़ा आर्थिक लाभ दिलाएंगे.
करियर की बाधाएं दूर करने के अचूक उपाय
कृतिका नक्षत्र में मंगल की शुभ ऊर्जा प्राप्त करने और जीवन से नकारात्मकता को दूर करने के लिए ज्योतिषियों ने कुछ विशेष उपाय सुझाए हैं. प्रत्येक मंगलवार को हनुमान चालीसा या बजरंग बाण का पाठ करें. इससे मानसिक शांति मिलेगी और आंतरिक साहस में वृद्धि होगी. जरूरतमंदों को लाल मसूर की दाल, गुड़, तांबा या लाल वस्त्र दान करना अत्यंत फलदायी माना जाता है. चूंकि मंगल अग्नि का प्रतीक है इसलिए इस अवधि में वाद-विवाद और बेवजह के गुस्से से बचें. कोई भी वित्तीय निवेश या बड़ा फैसला जल्दबाजी में न लें. शारीरिक ऊर्जा को संतुलित रखने के लिए खान-पान का विशेष ध्यान रखें और दैनिक दिनचर्या में योग व व्यायाम को अनिवार्य रूप से शामिल करें.


