IND vs AFG: धर्मशाला में महामुकाबला, बारिश बनेगी विलेन, पर फैंस के लिए छुपा है एक बड़ा 'सरप्राइज ट्विस्ट
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का शानदार आगाज आज यानी शनिवार, 13 जून से होने जा रहा है. सीरीज का यह पहला मुकाबला हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत धर्मशाला स्टेडियम में खेला जाएगा.

नई दिल्ली: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का शानदार आगाज आज यानी शनिवार, 13 जून से होने जा रहा है. सीरीज का यह पहला मुकाबला हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत धर्मशाला स्टेडियम में खेला जाएगा. हमेशा की तरह इस बार भी पहाड़ों के बीच होने वाले इस मैच पर बादलों का डेरा है और बारिश का साया मंडरा रहा है.
क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी राहत
क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर यह है कि मौसम विभाग के अनुसार, बारिश मैच में थोड़ी बहुत बाधा जरूर पहुंचाएगी. लेकिन खेल पूरी तरह रद्द या धुलने की आशंका नहीं है. इसका साफ मतलब है कि मुकाबला बीच-बीच में रुक सकता है.
अफगानिस्तान के पास इतिहास रचने का मौका
दौरे की शुरुआत में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में करारी शिकस्त झेलने के बाद अफगानिस्तान की टीम सीमित ओवरों के इस प्रारूप में भारत को कड़ी टक्कर देने के इरादे से उतरेगी. अगर दोनों टीमों के वनडे इतिहास के आंकड़ों पर नजर डालें तो दोनों का अब तक कुल 4 बार आमना-सामना हुआ है. इनमें से 3 मैचों में भारतीय टीम ने एकतरफा जीत दर्ज की है. जबकि एक मुकाबला टाई रहा था. अफगान टीम आज तक भारत के खिलाफ एक भी वनडे मैच जीतने में कामयाब नहीं हो सकी है. ऐसे में मेहमान टीम के पास आज इतिहास बदलने का सुनहरा मौका होगा.
कैसा रहेगा धर्मशाला के मौसम का मिजाज?
भारतीय समयानुसार यह मुकाबला दोपहर 1 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा. जबकि टॉस के लिए भारतीय कप्तान शुभमन गिल और अफगान कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी दोपहर 1 बजे मैदान पर उतरेंगे. वेदर रिपोर्ट के मुताबिक, दोपहर 1 बजे टॉस के समय बारिश की संभावना करीब 49 प्रतिशत है. इसके बाद दोपहर 2 और 3 बजे के दौरान बारिश की आशंका बढ़कर सबसे ज्यादा 70 प्रतिशत तक पहुंच जाएगी.
धूप खिलने की उम्मीद
इस शुरुआती खलल के बाद मौसम में तेजी से सुधार देखने को मिलेगा. शाम 4 बजे के बाद मैदान पर अच्छी धूप खिलने की उम्मीद है और शाम 7 बजे के बाद से बारिश के चांस बिल्कुल शून्य हो जाएंगे. जिससे दर्शकों को फ्लड लाइट्स में पूरे मैच का आनंद मिलेगा.
दोनों देशों की टीमें
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव.
अफगानिस्तान: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जदरान, सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, इकराम अलीखिल (विकटकीपर), अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नांगेयालिया खरोटी, एएम गजनफर, बिलाल सामी, दरविश रसूली, फरीद अहमद मलिक, जिया उर रहमान शरीफी.


