चोरों ने साफ कर दिया इंग्लैंड टीम का पूरा कमरा, जूते-कपड़े सब गायब, बची तो बस ये एक चीज

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में क्रोएशिया के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करने से ठीक पहले इंग्लैंड की फुटबॉल टीम ('थ्री लॉयंस') बेहद अजीब संकट में फंस गई है. सुरक्षा चूक ने विश्व कप जैसे प्रतिष्ठित मंच पर थॉमस ट्यूशेल की देखरेख में चल रही इंग्लैंड टीम की तैयारियों को पूरी तरह पटरी से उतार दिया है.

Nidhi Jha
Edited By: Nidhi Jha

नई दिल्ली: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में क्रोएशिया के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करने से ठीक पहले इंग्लैंड की फुटबॉल टीम ('थ्री लॉयंस') बेहद अजीब संकट में फंस गई है. फ्लोरिडा से टीम के मुख्य ट्रेनिंग बेस मिसौरी ले जाए जा रहे कार्गो ट्रक से खिलाड़ियों के जूते (बूट्स), कस्टमाइज्ड फुटबॉल, रणनीतिक बोर्ड और थेरेपी उपकरण रहस्यमयी तरीके से चोरी हो गए हैं. ब्रिटिश मीडिया 'डेली मेल' ने इस घटना को एक सुनियोजित 'ग्रैंड हीस्ट' करार दिया है. इस बड़ी सुरक्षा चूक ने विश्व कप जैसे प्रतिष्ठित मंच पर थॉमस ट्यूशेल की देखरेख में चल रही इंग्लैंड टीम की तैयारियों को पूरी तरह पटरी से उतार दिया है.

सड़क मार्ग से मिसौरी भेजते वक्त साफ हुआ ट्रक

रिपोर्ट्स के अनुसार, इंग्लैंड की टीम ने वर्ल्ड कप के मुख्य मुकाबलों से पहले फ्लोरिडा के वेस्ट पाम बीच में अपना प्री-टूर्नामेंट कंडीशनिंग कैंप लगाया था, जहां उन्होंने न्यूजीलैंड और स्थानीय क्लब मियामी यूनाइटेड के खिलाफ अभ्यास मैच भी खेले. कैंप खत्म होने के बाद शनिवार सुबह कप्तान हैरी केन, जूड बेलिंगहैम और पूरी टीम हवाई मार्ग से कंसास सिटी के होटल पहुंची, जबकि उनका भारी किट बैग, मेडिकल और एनालिसिस उपकरण सड़क मार्ग से मिसौरी के स्वोप सॉकर विलेज बेस के लिए रवाना किए गए थे. हैरत की बात यह है कि जब गंतव्य पर बचे हुए कार्गो को खोला गया, तो उसमें पूरे साजो-सामान की जगह केवल एक अदद फुटबॉल बची मिली.

रणनीतिक व्हाइटबोर्ड से लेकर मसाज टेबल तक गायब

इस वारदात में केवल खिलाड़ियों के निजी सामान को ही नुकसान नहीं पहुंचा है, बल्कि टीम के मुख्य कोच थॉमस ट्यूशेल का वह रणनीतिक व्हाइटबोर्ड भी चोरी हो गया है, जिस पर वह क्रोएशिया के खिलाफ व्यूहरचना तैयार कर रहे थे. इसके अलावा वीडियो एनालिसिस के महंगे गैजेट्स और खिलाड़ियों की मांसपेशियों की रिकवरी के लिए उपयोग होने वाली विशेष मसाज टेबल भी चोर उड़ा ले गए हैं. सपोर्ट स्टाफ के अनुसार, सबसे बड़ी चिंता हैरी केन और जूड बेलिंगहैम के विशेष रूप से डिजाइन किए गए बूट्स को लेकर है, क्योंकि नए जूतों में ढलने के लिए खिलाड़ियों को वक्त चाहिए होता है.

ड्राइवरों पर गहराया शक

इंग्लैंड फुटबॉल एसोसिएशन ने इस संवेदनशील मामले पर चुप्पी साध रखी है और कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. हालांकि, आंतरिक सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा अधिकारियों को अंदेशा है कि सामान के परिवहन के लिए अनुबंधित किए गए ड्राइवरों में से ही कुछ लोग इस डकैती की साजिश में शामिल हो सकते हैं. एफए ने अमेरिकी स्थानीय पुलिस और फेडरल एजेंसियों के साथ संपर्क साधा है ताकि संदिग्धों को तुरंत पकड़ा जा सके. गुरुवार को क्रोएशिया के खिलाफ होने वाले पहले मैच से पूर्व अब लॉजिस्टिक्स स्टाफ के सामने बाजार से तुरंत वैकल्पिक सामान और खेल किट की व्यवस्था करने की बेहद कठिन चुनौती खड़ी हो गई है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो