FIFA World Cup 2026: मेक्सिको ने जीत से किया आगाज, दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से हराया

फीफा वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत मेक्सिको की धरती पर बेहद रोमांचक अंदाज में हो चुकी है. प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में सह-मेजबान मेक्सिको ने अपने ऐतिहासिक मैदान, एजटेका स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से हराया.

Nidhi Jha
Edited By: Nidhi Jha

नई दिल्ली: फुटबॉल के सबसे बड़े महाकुंभ, फीफा वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत मेक्सिको की धरती पर बेहद रोमांचक अंदाज में हो चुकी है. प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में सह-मेजबान मेक्सिको ने अपने ऐतिहासिक मैदान, एजटेका स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से शिकस्त देकर टूर्नामेंट में पूरे तीन अंक हासिल किए. इस ऐतिहासिक क्षण का गवाह बनने के लिए स्टेडियम में 80,824 फुटबॉल प्रेमी मौजूद थे, जिन्होंने घरेलू टीम का हौसला बढ़ाया.

शुरुआती मिनटों में ही मेक्सिको ने बनाई बढ़त

मैच की शुरुआत से ही मेक्सिको की टीम दक्षिण अफ्रीकी पर लगातार दबाव बनाने में सफल रही. मुकाबले के ठीक 9वें मिनट में सऊदी लीग के मौजूदा सीजन के शीर्ष स्कोरर रहे जूलियन क्विनोनेस ने एक शानदार मैदानी गोल दागकर मेक्सिको को 1-0 की शुरुआती बढ़त दिला दी. कोलंबियाई मूल के 29 वर्षीय फॉरवर्ड क्विनोनेस के लिए यह मुकाबला बेहद खास था, क्योंकि वह उन छह खिलाड़ियों में शामिल थे जो इस मैच के जरिए मेक्सिको के लिए अपना वर्ल्ड कप डेब्यू कर रहे थे.

जिमेनेज का ऐतिहासिक हेडर

पहली छमाही में एक गोल की बढ़त के बाद मेक्सिको ने दूसरे हाफ में भी अपना आक्रमण जारी रखा. मैच के 66वें मिनट में अनुभवी स्ट्राइकर राउल जिमेनेज ने एक बेहतरीन हेडर के जरिए गेंद को जाल में उलझाकर स्कोर 2-0 कर दिया। यह गोल जिमेनेज के अंतरराष्ट्रीय करियर का 46वां गोल था. इस उपलब्धि के साथ ही उन्होंने मेक्सिको के महान फुटबॉल खिलाड़ी जारेड बॉर्गेटी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है और वह संयुक्त रूप से देश के दूसरे सबसे सफल स्कोरर बन गए हैं. 

तीन खिलाड़ियों को मिला रेड कार्ड

इस मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त आक्रामकता और अनुशासनहीनता भी देखने को मिली। रेफरी ने मैच के दौरान कुल तीन रेड कार्ड दिखाए. दक्षिण अफ्रीका के स्पेफेलो सिथोल (49वें मिनट) और थेम्बा ज्वाने (83वें मिनट) को गंभीर फाउल के चलते मैदान से बाहर जाना पड़ा, जिसके कारण दक्षिण अफ्रीकी टीम को 9 खिलाड़ियों के साथ ही मुकाबला समाप्त करना पड़ा. खेल के अंतिम पलों में मेक्सिको के डिफेंडर सीजर मोंटेस को भी रेड कार्ड का सामना करना पड़ा.

पहली जीत की तलाश में उतरेगी

कतर वर्ल्ड कप 2022 में पहले दौर से बाहर होने वाली मेक्सिको की टीम के लिए यह घरेलू जीत एक बड़ी राहत लेकर आई है. अब जहां मेक्सिको ग्रुप ए में मजबूत स्थिति में है, वहीं दक्षिण अफ्रीका की टीम अगले गुरुवार को अटलांटा में चेक गणराज्य के खिलाफ अपनी पहली जीत की तलाश में उतरेगी. उल्लेखनीय है कि इस बार 48 टीमों की भागीदारी के साथ यह फीफा इतिहास का सबसे बड़ा टूर्नामेंट है, जिसका संयुक्त आयोजन मेक्सिको, कनाडा और अमेरिका कर रहे हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो