FIFA World Cup 2026: फुटबॉल का आज से लगेगा 'महाकुंभ', ओपनिंग सेरेमनी में शकीरा और बर्ना बॉय अपने परफॉर्मेंस से मचाएंगे धमाल
फीफा विश्व कप 2026 का आगाज आज से होने जा रहा है, जिसमें 48 देशों की टीमें विश्व फुटबॉल की सबसे प्रतिष्ठित ट्रॉफी के लिए मुकाबला करेंगी. उद्घाटन समारोह में शकीरा अपनी शानदार प्रस्तुति से रंग जमाएंगे.

नई दिल्ली: फुटबॉल प्रेमियों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है. फीफा विश्व कप 2026 का आगाज आज से होने जा रहा है. दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल टूर्नामेंट में इस बार 48 देशों की टीमें हिस्सा ले रही हैं और सभी की नजरें प्रतिष्ठित विश्व कप ट्रॉफी पर टिकी हैं. अगले 39 दिनों तक दुनिया भर के करोड़ों प्रशंसकों का ध्यान फुटबॉल के मैदानों पर रहेगा.
मेक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच होगा उद्घाटन मुकाबला
टूर्नामेंट का पहला मुकाबला मेक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाएगा. वहीं फाइनल मुकाबला 19 जुलाई को न्यूजर्सी में आयोजित होगा. इस बार विश्व कप पहले के मुकाबले और भी बड़ा होने जा रहा है, जिसमें रिकॉर्ड 104 मैच खेले जाएंगे.
स्टार खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें
विश्व कप में एक बार फिर फुटबॉल के कई बड़े सितारे मैदान पर अपना जलवा बिखेरते नजर आएंगे. पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो, अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी, फ्रांस के किलियन एमबापे और ब्राजील के नेमार पर दुनिया भर की निगाहें टिकी होंगी.
रोनाल्डो के लिए यह विश्व कप जीतने का एक और बड़ा मौका होगा, जबकि नेमार भी पहली बार यह खिताब अपने नाम करने की कोशिश करेंगे. दूसरी ओर मेसी और एमबापे दूसरी बार ट्रॉफी जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगे.
रंगारंग ओपनिंग सेरेमनी बनेगी आकर्षण का केंद्र
उद्घाटन मैच से पहले भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा. इस कार्यक्रम में मशहूर पॉप स्टार शकीरा, बर्ना बॉय, जे बैल्विन, टायला, माना, अलेजांद्रो फर्नांडेज और बेलिंडा जैसे कलाकार अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे. आयोजन को लेकर दुनियाभर के प्रशंसकों में खासा उत्साह है.
Lighting up the night sky in Mexico City for the #FIFAWorldCup ✨#NovaSkyStories pic.twitter.com/K3uW3iw2Y1
— FIFA World Cup (@FIFAWorldCup) June 11, 2026
कई नए देशों को मिलेगा मौका
इस बार कैप वर्डे, कुराकाओ, जॉर्डन और उज्बेकिस्तान जैसी टीमें पहली बार फीफा विश्व कप में हिस्सा लेंगी. वहीं 891 खिलाड़ी पहली बार इस टूर्नामेंट का अनुभव करेंगे. 17 वर्षीय गिल्बर्टो मोरा सबसे युवा खिलाड़ी होंगे, जबकि स्कॉटलैंड के गोलकीपर क्रेग गॉर्डन सबसे उम्रदराज खिलाड़ी के रूप में मैदान में उतरेंगे.
रिकॉर्ड और रोमांच से भरा होगा टूर्नामेंट
फीफा विश्व कप 2026 कई नए रिकॉर्ड्स के साथ इतिहास रचने के लिए तैयार है. दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमें और खिलाड़ी अगले कुछ हफ्तों तक फुटबॉल प्रेमियों को रोमांच से भरपूर मुकाबले देखने का मौका देंगे.


