सनी लियोनी की बढ़ी मुश्किलें, जानिए 2400 करोड़ के कर्नाटक इन्वेस्टमेंट फ्रॉड से एक्ट्रेस का कनेक्शन
कर्नाटक की अपराध जांच टीम ने अभिनेत्री सनी लियोनी को नोटिस भेजा है. अधिकारियों ने सनी लियोनी का इस केस से क्या मतलब है और उनकी क्या गलती है.

नई दिल्ली: कर्नाटक में 2,400 करोड़ रुपये के 'शिवम एसोसिएट्स' निवेश घोटाले की जांच अब बॉलीवुड तक पहुंच गई है. कर्नाटक की अपराध जांच टीम ने अभिनेत्री सनी लियोनी को एक नोटिस भेजा है. टीम ने उनसे उनके वित्तीय लेन-देन के बारे में कुछ जानकारी मांगी है. जांच टीम और वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा है कि इस नोटिस का मतलब यह नहीं है कि सनी लियोनी ने कुछ गलत किया है या वह इस घोटाले में शामिल हैं. अधिकारियों ने दोहराया है कि सनी लियोनी को केवल एक गवाह या जानकारी जुटाने के उद्देश्य से शामिल किया गया है ताकि सच सामने आ सके.
मुख्य आरोपी के साथ काम किया था
शिवानंद नीलन्नावर 'शिवम एसोसिएट्स' के मुख्य आरोपी और प्रवर्तक हैं. टीम इस बात की जांच कर रही है कि नीलन्नावर ने अलग-अलग परियोजनाओं में कितना पैसा निवेश किया था. शिवानंद नीलन्नावर ने 2023 में 'चैंपियन' नामक एक कन्नड़ फिल्म बनाई थी. सनी लियोनी ने इस फिल्म के एक बहुत ही लोकप्रिय गाने 'डिंगारा बिल्ली नानू' में एक विशेष उपस्थिति दर्ज की थी. जांच में पाया गया कि सनी लियोनी को इस गाने में काम करने के लिए लगभग 1 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था.
पैसों के सोर्स की हो रही है जांच
अब CID यह पता लगाने में जुटी है कि फिल्म निर्माण और सनी लियोनी को किए गए इस 1 करोड़ के भुगतान का वास्तविक स्रोत क्या था. एजेंसी यह सुनिश्चित करना चाहती है कि क्या फिल्म में लगाया गया पैसा सीधे तौर पर भोले-भाले निवेशकों से ठगी गई रकम का हिस्सा था या नहीं.
4.07 लाख निवेशकों से ठगी का आरोप
शिवम एसोसिएट्स और उसके प्रमोटर शिवानंद नीलन्नावर पर आरोप है कि उन्होंने डिपॉजिट और आकर्षक निवेश योजनाओं का लालच देकर करीब 4.07 लाख निवेशकों से अवैध रूप से भारी-भरकम फंड इकट्ठा किया था. जब निवेशकों को उनके पैसे वापस नहीं मिले, तब इस घोटाले का भंडाफोड़ हुआ.
सनी लियोनी का इस केस से कनेक्शन
CID का पूरा फोकस इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने और उससे जुड़े सभी वित्तीय लेन-देन की कड़ियों को आपस में जोड़ने पर टिका है. अधिकारियों ने दोहराया है कि सनी लियोनी को केवल एक गवाह या जानकारी जुटाने के उद्देश्य से शामिल किया गया है ताकि सच सामने आ सके.


