पीएम मोदी ने कहा ‘सोना मत खरीदो...’ फिर भी लोगों में मची गोल्ड खरीदने की होड़, जानिए क्या है वजह?
PM की अपील के बावजूद पूरे भारत में शादी और दुल्हन के गहनों के लिए सोना खरीदने की होड़ मच गई है। लोग पैनिक में सोने-चांदी की जमकर खरीदारी कर रहे हैं।

नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर भारतीय अर्थव्यवस्था पर न पड़े, इसके लिए PM नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से एक खास अपील की है। उन्होंने लोगों से कहा है कि एक साल तक सोना न खरीदें। इसका मकसद देश का फॉरेक्स रिजर्व बचाना है। PM की इस अपील के बाद कुछ बाजारों में तो असर दिखा, लेकिन देशभर की ज्वेलरी दुकानों पर हालात उलट हैं।
शादी सीजन से पहले सोना खरीदने की होड़
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार PM की अपील के बावजूद पूरे भारत में शादी और दुल्हन के गहनों के लिए सोना खरीदने की होड़ मच गई है। लोग पैनिक में सोने-चांदी की जमकर खरीदारी कर रहे हैं। दरअसल, प्रधानमंत्री ने खाड़ी युद्ध के आर्थिक असर को कम करने के लिए खर्च घटाने के तहत कंज्यूमर्स से एक साल तक सोना न खरीदने को कहा था। इसके बाद शादी के गहनों की घबराहट में खरीदारी शुरू हो गई।
नीतिगत बदलाव का डर बना वजह
इकोनॉमिक्स टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक ज्वैलर्स का कहना है कि ग्राहक जून से शुरू होकर अगस्त के मध्य तक चलने वाले शादी सीजन से पहले गहने खरीद लेना चाहते हैं। उन्हें डर है कि सरकार कोई नया नीतिगत बदलाव न कर दे। बिक्री में तेजी की बड़ी वजह इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने, GST में इजाफा या सोने की खरीद पर और सख्त पाबंदी लगने का डर है।
2 दिन में 20% तक बढ़ी सेल
ऑल इंडिया जेम एंड ज्वैलरी डोमेस्टिक काउंसिल के चेयरमैन राजेश रोकड़े ने बताया कि पिछले दो दिनों में शादी के गहनों की बिक्री औसत डेली सेल से 15%-20% बढ़ गई है। इंडस्ट्री के अधिकारियों के अनुसार बड़ी ज्वैलरी चेन के हर स्टोर की डेली सेल करीब 25 लाख रुपये तक पहुंच रही है। वहीं मध्यम आकार के ज्वैलर्स की रोजाना बिक्री 15 लाख से 18 लाख रुपये के बीच है।
नवंबर-दिसंबर की शादियों के लिए भी खरीदारी
जोस अलुक्कास के MD वर्गीस अलुक्कास ने कहा कि कुछ लोग तो नवंबर-दिसंबर में होने वाली शादियों के लिए भी अभी से गहने खरीद रहे हैं। उन्हें डर है कि सरकार सोने की खरीद पर रोक लगा सकती है। मुंबई जैसे बड़े बुलियन और ज्वैलरी हब में कारोबारियों का अनुमान है कि पिछले दो दिनों में बिक्री करीब 20% बढ़ी है।
PMO से मुलाकात करेगा ज्वैलरी काउंसिल
PM मोदी की अपील के बाद मचे पैनिक को देखते हुए ऑल इंडिया जेम एंड ज्वैलरी डोमेस्टिक काउंसिल इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री कार्यालय से मिलने का समय मांग रही है।
सोने-चांदी की कीमतों में भारी उछाल
इस बीच केंद्र सरकार ने सोने-चांदी जैसी कीमती धातुओं पर इम्पोर्ट ड्यूटी 6 फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी कर दी है। इस खबर के बाद MCX पर गोल्ड के दाम 11,000 रुपये और सिल्वर 22,000 रुपये तक उछल गए।


