NEET पेपर लीक पर तमिलनाडु सीएम विजय जोसेफ सख्त, कहा ‘परीक्षा कल्चर को बंद करो’

तमिलनाडु शुरू से ही NEET का विरोध करता रहा है। राज्य का तर्क है कि यह सिस्टम अमीर, शहरी और अंग्रेजी मीडियम के छात्रों के पक्ष में है। इससे असमानता बढ़ती है।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम NEET का पेपर एक बार फिर लीक हो गया है। इस नए मामले ने तमिलनाडु को NEET की आलोचना का एक और मौका दे दिया है। राज्य सरकार ने फिर से NEET को खत्म करने की मांग की है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. विजय जोसेफ ने केंद्र सरकार से अपील की है कि NEET के जरिए एडमिशन बंद हो और राज्यों को 12वीं के अंकों के आधार पर सीटें भरने की छूट मिले।

शुरू से NEET के खिलाफ है तमिलनाडु 

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार तमिलनाडु शुरू से ही NEET का विरोध करता रहा है। राज्य का तर्क है कि यह सिस्टम अमीर, शहरी और अंग्रेजी मीडियम के छात्रों के पक्ष में है। इससे असमानता बढ़ती है। सरकार कहती है कि NEET ग्रामीण इलाकों के होनहार लेकिन वंचित छात्रों को बाहर कर देता है। ऐसे छात्र जो स्थानीय भाषा में पढ़े हैं और महंगी कोचिंग का खर्च नहीं उठा सकते, उनके लिए यह व्यवस्था नुकसानदेह है। इसी वजह से तमिलनाडु लगातार NEET से छूट मांगता आया है।

विजय ने गिनाए पुराने लीक के मामले 

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बयान जारी कर मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि NEET की विश्वसनीयता पर सवाल पहली बार नहीं उठे हैं। उन्होंने याद दिलाया, “2024 में भी पेपर लीक हुआ था। 6 राज्यों में FIR दर्ज हुई थीं। बाद में केस CBI को सौंप दिए गए थे। ISRO के पूर्व चेयरमैन डॉ. के. राधाकृष्णन की अध्यक्षता में बनी हाई-लेवल कमेटी ने 95 सुधारों की सिफारिश की थी। इसके बावजूद दो साल के अंदर ही फिर पेपर लीक हो गया और परीक्षा रद्द करनी पड़ी।” 

कमेटी ने मानी थीं खामियां 

सीएम विजय ने कहा कि एक्सपर्ट कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में NEET को खामियों और दोषों का पक्का सबूत बताया था। उन्होंने कहा, “तमिलनाडु सरकार NEET की शुरुआत से ही इसका विरोध कर रही है। इस परीक्षा ने ग्रामीण इलाकों, सरकारी स्कूलों, तमिल-माध्यम और गरीब परिवारों के छात्रों को भारी नुकसान पहुंचाया है।” 

राज्य कोटे की सीटें 12वीं से भरो 

मुख्यमंत्री ने दोहराया, "तमिलनाडु सरकार अपनी पुरानी मांग फिर रखती है। NEET को खत्म किया जाए। राज्यों को छूट मिले कि वे MBBS, BDS और AYUSH कोर्स में 'राज्य कोटे' की सभी सीटें 12वीं के अंकों के आधार पर भर सकें।"

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो