Skoda Octavia RS India launch : स्कोडा ऑटो इंडिया ने घोषणा की है कि वह अपनी मशहूर प्रीमियम सेडान ऑक्टेकविया को एक नए स्पोर्टी वर्जन Octavia RS के रूप में भारत में फिर से लॉन्च करने जा रही है. इस बार यह मॉडल पूरी तरह से निर्मित यूनिट (FBU) के रूप में सीमित संख्या में आयात किया जाएगा. कंपनी के ब्रांड डायरेक्टर, आशीष गुप्ता ने बताया कि बुकिंग 6 अक्टूबर से शुरू होगी और पहली डिलीवरी नवंबर 2025 में दी जाएगी. इस साल केवल 100 यूनिट ही भारत लाई जाएंगी.
RS मॉडल पेश करना उत्सव मनाने का बेस्ट तरीका
आपको बता दें कि गुप्ता ने कहा, “भारत में स्कोडा के 25 वर्षों की यात्रा की शुरुआत ऑक्टाविया से हुई थी, इसलिए इसे RS संस्करण में पेश करना हमारी विरासत का उत्सव मनाने का सबसे बेहतर तरीका है.” यह गाड़ी यूके स्पेसिफिकेशन के अनुरूप होगी, हालांकि इसे चेक गणराज्य में बनाया जाएगा और भारत में GSR 870 नियम के तहत आयात किया जाएगा. इस नियम के अनुसार, भारत में केवल उन्हीं कारों को FBU रूप में लाया जा सकता है जो यूके या जापान के सुरक्षा और मानक नियमों पर खरी उतरती हों. कंपनी ने फिलहाल लोकल असेंबली या पार्ट्स निर्माण की कोई योजना नहीं बताई है.
लक्ष्य बाजार हिस्सेदारी को दोगुना करना
2023 में जहां स्कोडा की भारत में बाजार हिस्सेदारी 1 प्रतिशत से भी कम थी, वहीं इस साल अगस्त तक कंपनी ने 46,600 यूनिट्स बेच डाली हैं, जो पिछले साल इसी अवधि में बिकी लगभग 35,000 यूनिट्स से कहीं अधिक है. कंपनी का लक्ष्य अब अपनी बाजार हिस्सेदारी को दोगुना करना है. यह नई Octavia RS भारतीय बाजार में ब्रांड की प्रतिष्ठा और प्रदर्शन को और मजबूत करने का प्रयास है.
Nissan , 2027 तक लॉन्च होगी सेल्फ-ड्राइविंग तकनीक
वहीं, दूसरी ओर जापानी वाहन निर्माता निसान ने अपने संघर्षरत बिजनेस को नई दिशा देने के लिए सेल्फ-ड्राइविंग टेक्नोलॉजी पर जोर देना शुरू किया है. हाल ही में टोक्यो के भीड़-भाड़ वाले इलाके में Nissan Ariya कार का प्रदर्शन किया गया, जिसमें उसने बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के ट्रैफिक लाइट, पैदल यात्रियों और अन्य वाहनों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित ड्राइविंग की.
इस अत्याधुनिक कार में 11 कैमरे, 5 राडार, और एक अगली पीढ़ी का LiDAR सेंसर शामिल है, जिससे यह सामान्य सड़क स्थितियों को पहचानकर खुद-ब-खुद प्रतिक्रिया कर सकती है. कंपनी का अनुमान है कि यह सेल्फ-ड्राइविंग टेक्नोलॉजी 2027 तक व्यावसायिक उपयोग के लिए पूरी तरह तैयार हो जाएगी. First Updated : Thursday, 25 September 2025