नई दिल्ली: कर्नाटक के बेलगावी जिले से सामने आई एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. सवादत्ती तालुक के हुलिकट्टी गांव के पास सार्वजनिक सड़क पर एक व्यक्ति ने अपने कथित प्रतिद्वंदी की बेरहमी से हत्या कर दी. यह हत्या किसी अचानक हुए झगड़े का नतीजा नहीं, बल्कि 10 साल से दिल में पल रही प्रतिशोध की आग का अंजाम बताई जा रही है.
आरोप है कि इरय्या माथापति ने सोमवार (2 फरवरी) को बसप्पा होसमानी (51) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी. वजह 10 साल पहले बसप्पा का इरय्या की मां के साथ घर छोड़कर चले जाना. यह खौफनाक वारदात दिनदहाड़े हुई, जिससे मौके पर मौजूद लोग सहम गए और पूरे इलाके में दहशत फैल गई.
जानकारी के मुताबिक, आरोपी इरय्या येल्लम्मा मंदिर जाने वाले रास्ते पर पहले से घात लगाकर बैठा था. जैसे ही कोल्हापुर से लौट रहे बसप्पा होसमानी वहां पहुंचे, इरय्या ने उन्हें साइकिल से नीचे गिराया और ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इरय्या ने बसप्पा पर सीने, गर्दन और धड़ पर कुल 16 बार चाकू से वार किए. हमला इतना निर्मम था कि बसप्पा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. आसपास मौजूद लोग सब कुछ देखते रह गए, लेकिन भय और अचानक हुए हमले के कारण कोई भी बीच-बचाव नहीं कर सका.
हत्या के बाद भी आरोपी का खौफनाक व्यवहार यहीं नहीं रुका. इरय्या ने मृतक के शव पर पैर रखा और खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी. पुलिस के पहुंचने तक वह वहीं खड़ा रहा, मानो उसने जो किया उस पर उसे कोई पछतावा ही न हो.
पुलिस हिरासत में इरय्या ने अपना जुर्म कबूल करते हुए कहा,"दस साल पहले, बसप्पा मेरी माँ को लेकर भाग गया था. वह महाराष्ट्र के कोल्हापुर में बस गया, लेकिन मैंने सही समय का इंतजार किया. जब वह लौटा, तो मैंने उसे मार डाला."
सवादत्ती पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस अपराध में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी. अधिकारियों ने गवाहों से सामने आने की अपील की है.
स्थानीय लोगों ने इस वारदात को "भयानक" और "रोंगटे खड़े कर देने वाला" बताया. लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े सड़क पर इस तरह की हत्या ने सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. बेलगावी जिले में घटना के बाद तनाव और आक्रोश का माहौल है. First Updated : Wednesday, 04 February 2026