Deoria News: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में मेरठ जैसी एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. मेरठ में जहां पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मारकर नीले ड्रम में छुपाया था, वहीं अब देवरिया में एक पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मारकर सूटकेस में भर दिया और खेत में फेंक दिया.
घटना देवरिया के तरकुलवा थाना क्षेत्र की है. यहां पकड़ी छापर पठखौली गांव के खेत में लोगों को एक सूटकेस पड़ा मिला, जिसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी. जब पुलिस मौके पर पहुंची और सूटकेस खोला तो उसमें 30 साल के युवक का शव मिला. शव पर धारदार हथियार से चोट के निशान थे, खासकर सिर के पास.
पुलिस ने जब जांच शुरू की तो सूटकेस में मिले कागजों से शव की पहचान भटौली गांव निवासी नौशाद के रूप में हुई. पुलिस को यह भी पता चला कि नौशाद सऊदी अरब में नौकरी करता था और एक सप्ताह पहले ही वापस लौटा था.
पुलिस को शक नौशाद की पत्नी पर हुआ. जब उसे हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई तो सारी सच्चाई सामने आ गई. महिला ने बताया कि उसके अपने रिश्ते में लगने वाले भांजे से अवैध संबंध थे. जब पति घर लौटा तो वह इन रिश्तों में बाधा बनने लगा, जिससे तंग आकर पत्नी और प्रेमी ने मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई.
उन्होंने मिलकर नौशाद को धारदार हथियार से मारा और फिर शव को सूटकेस में भरकर 50 किलोमीटर दूर एक सुनसान खेत में फेंक दिया. वारदात के बाद दोनों मौके से फरार हो गए.
फिलहाल महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन उसका प्रेमी फरार है. पुलिस प्रेमी की तलाश में दबिश दे रही है. देवरिया के एसपी विक्रांत वीर ने खुद मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और सर्विलांस टीम के साथ जांच की. First Updated : Monday, 21 April 2025