राजा रघुवंशी-केतन अग्रवाल के बाद अब ओडिशा में गीता-शक्ति कांड, पत्नी ने पुरुष मित्र के साथ मिलकर की पति की हत्या

ओडिशा के झारसुगुड़ा में झारसुगुड़ा जिले में एक महिला ने अपने करीबी दोस्त के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी. इसके बाद दोनों ने शव को खेत में फेंककर पूरे मामले को दुर्घटना या सामान्य घटना जैसा दिखाने की कोशिश की.

calender

नई दिल्ली: देशभर में पति-पत्नी और कथित तीसरे व्यक्ति से जुड़े हत्या के मामलों की चर्चा अभी थमी भी नहीं थी कि ओडिशा से एक और चौंकाने वाली घटना सामने आ गई. झारसुगुड़ा जिले में एक महिला और उसके करीबी दोस्त पर पति की हत्या करने का आरोप लगा है. पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद दोनों ने शव को खेत में फेंककर पूरे मामले को दुर्घटना या सामान्य घटना जैसा दिखाने की कोशिश की. फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है.

पिछले कुछ समय में पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड और इंदौर के राजा रघुवंशी केस ने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा था. अब ओडिशा का यह मामला भी इसी वजह से चर्चा में है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि हर मामले की परिस्थितियां अलग हैं और इस घटना की जांच तथ्यों के आधार पर की जा रही है.

क्या है पूरा मामला?

यह घटना झारसुगुड़ा जिले के रेंगाली थाना क्षेत्र के टुंगुरीपाड़ा गांव की बताई जा रही है. मृतक की पहचान शक्तिधर साहू के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात घर में किसी बात को लेकर शक्तिधर और उनकी पत्नी गीता मिर्धा के बीच विवाद शुरू हो गया. बताया जा रहा है कि उस समय गीता का परिचित टिकिनू किसान भी मौके पर मौजूद था. 

पति-पत्नी के बीच बढ़ती बहस के दौरान टिकिनू भी बीच में आ गया, जिसके बाद उसकी शक्तिधर के साथ हाथापाई हो गई. इसी दौरान शक्तिधर जमीन पर गिर पड़े. जांच में सामने आए आरोपों के अनुसार, इसके बाद गीता मिर्धा ने लकड़ी के डंडे से उनके सिर पर हमला कर दिया. सिर पर गंभीर चोट लगने से शक्तिधर की मौके पर ही मौत हो गई.

शव को खेत में ले जाकर छिपाने की कोशिश

पुलिस जांच के अनुसार, हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने शव को घर से हटाकर गांव के पास एक खेत में फेंक दिया, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे. उनका उद्देश्य हत्या को छिपाना था, लेकिन कुछ समय बाद स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ गई. ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए.

जांच में मिले अहम सुराग

जांच के दौरान पुलिस को ऐसे कई सबूत मिले, जिनसे महिला और उसके पुरुष मित्र की कथित संलिप्तता सामने आई. पूछताछ और शुरुआती जांच के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे केवल घरेलू विवाद था या इसके पीछे कोई और बड़ी वजह भी मौजूद थी. First Updated : Friday, 26 June 2026