मुंबई में पति बना दरिंदा! पत्नी को मुर्गा बनाकर करता रहा टॉर्चर, फिर चाकू लेकर पहुंच गया मायके

मुंबई में एक हिस्ट्रीशीटर पति ने घरेलू विवाद के बाद पत्नी को 4 घंटे तक मुर्गा बनाकर प्रताड़ित किया और बेरहमी से पीटा. पत्नी के मायके भागने पर आरोपी वहां भी पहुंच गया और गुस्से में उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.

calender

महाराष्ट्र: मुंबई से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक हिस्ट्रीशीटर पति ने अपनी पत्नी के साथ बेरहमी की सारी सीमाएं पार कर दी. घरेलू विवाद के बाद आरोपी ने पहले पत्नी की बुरी तरह पिटाई की और फिर उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया. आरोप है कि उसने पत्नी को करीब चार घंटे तक जबरन मुर्गा बनाकर रखा. 

इस दौरान आरोपी हाथ में तलवार लेकर उसे जान से मारने और चेहरे पर तेजाब फेंकने की धमकी देता रहा. महिला किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर अपने मायके पहुंची, लेकिन वहां भी उसकी मुश्किलें खत्म नहीं हुई. आरोपी उसका पीछा करते हुए मायके तक पहुंच गया और गुस्से में पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.

घर में बनाकर रखा बंधक

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान अरबाज सैयद के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि किसी घरेलू बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था. विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी. इसके बाद उसने महिला को घर के अंदर ही बंधक बना लिया और घंटों तक प्रताड़ित करता रहा.

मायके पहुंचकर किया हमला

पीड़िता किसी तरह अपनी जान बचाकर मायके पहुंची थी. परिवार वालों को लगा कि अब वह सुरक्षित है, लेकिन कुछ देर बाद आरोपी वहां भी पहुंच गया. उसने घर के बाहर हंगामा किया और पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में महिला घायल हो गई. महिला के शरीर पर कई चोटों के निशान बताए जा रहे हैं.

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही आरसीएफ पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले से ही कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है.

19 मामलों में पहले से आरोपी

पुलिस के अनुसार अरबाज सैयद एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है. उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में 19 मामले दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. First Updated : Sunday, 31 May 2026