रिटायर्ड सैनिक ने अपनी पत्नी और बेटे को गोली मारकर की हत्या, शातिर तरीके से दिया घटना को अंजाम

कानपूर से एक चौकाने वाला मामला सामने आया है. जहां रिटायर्ड फौजी ने अपनी पत्नी और नाबालिग बेटे को गोली मारकर हत्या कर दी है. इसके बाद खुद मालगाड़ी के सामने आकर जान दे दी.

Sonee Srivastav

उत्तर प्रदेश: यूपी के कानपुर जिले में एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. एक रिटायर्ड सैनिक ने अपने घर में पत्नी और नाबालिग बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी. इसके बाद वह खुद रेलवे ट्रैक पर जाकर मालगाड़ी के सामने आकर जान दे बैठा. यह वारदात सोमवार सुबह हुई, जिसने स्थानीय लोगों में भय और अफसोस का माहौल पैदा कर दिया है.

घटना का विवरण

यह सनसनीखेज मामला सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बखरिया गांव (तुलसियापुर इलाका) का है. पुलिस को सुबह करीब साढ़े सात बजे सूचना मिली कि कठोगर-इमलीपुर रेलवे अंडरपास के पास डीएफसीसी रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति मालगाड़ी के सामने आकर आत्महत्या कर लिया है. 

मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के पास से आधार कार्ड और मोटरसाइकिल का नंबर देखकर उसकी पहचान की. मृतक चेतराम पासवान (51 वर्ष) पुत्र अयोध्या प्रसाद, मूल निवासी ग्राम बखेरिया घाटमपुर, तुलसियापुर का रहने वाला निकला. वह भारतीय सेना में सेवारत रह चुका था और अब रिटायर्ड हो चुका था.

घर पहुंचकर पुलिस को मिला बड़ा सदमा

जब पुलिस मृतक के घर सूचना देने पहुंची तो वहां और भी बड़ा हादसा सामने आया. घर के अंदर 40 वर्षीय महिला सुनीता वर्मा और 16 वर्षीय किशोर दीप के शव पड़े मिले. दोनों को गोली मारी गई थी. आसपास पूछताछ करने पर पता चला कि महिला मृतक की पत्नी और किशोर उनका बेटा था. मौके पर एक लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक भी पड़ी मिली. 

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पाया कि चेतराम ने पहले घर में अपनी पत्नी और बेटे की हत्या की, फिर घर का मुख्य गेट बाहर से ताला लगाकर करीब दो-तीन किलोमीटर दूर बाइक से रेलवे ट्रैक पर पहुंचा. वहां उसने मालगाड़ी के सामने लेटकर खुदकुशी कर ली.

पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. आला अधिकारी इस दर्दनाक कांड के पीछे के कारणों की गहराई से जांच कर रहे हैं. 

फिलहाल पारिवारिक विवाद या किसी अन्य वजह को लेकर संदेह जताया जा रहा है, लेकिन अभी तक कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है. इलाके में इस घटना से लोगों में आक्रोश और दुख है. कई लोग कह रहे हैं कि एक पूर्व सैनिक, जो देश की सेवा कर चुका था, ऐसा कदम क्यों उठाया, यह समझ से परे है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag