NEET UG 2026 की पुनः परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी
एनटीए ने 21 जून को आयोजित होने वाली NEET UG 2026 पुनर्परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं. जिन उम्मीदवारों को इस दोबारा आयोजित परीक्षा में शामिल होना है, वे अब आधिकारिक वेबसाइट से अपना हॉल टिकट डाउनलोड कर सकते हैं.

नई दिल्ली: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने 21 जून को आयोजित होने वाली NEET UG 2026 पुनर्परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं. जिन उम्मीदवारों को इस दोबारा आयोजित परीक्षा में शामिल होना है, वे अब आधिकारिक वेबसाइट से अपना हॉल टिकट डाउनलोड कर सकते हैं. इसके लिए अभ्यर्थियों को आवेदन संख्या, जन्मतिथि अथवा पासवर्ड और सुरक्षा पिन की मदद से लॉगिन करना होगा.
कब होगी परीक्षा?
पुनर्परीक्षा की तैयारियों के बीच एडमिट कार्ड जारी होने को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. यह परीक्षा 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक पारंपरिक पेन-एंड-पेपर मोड में आयोजित की जाएगी. इस साल NEET UG के लिए करीब 22.75 लाख छात्रों ने पंजीकरण कराया था, जबकि मुख्य परीक्षा में 22 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे. परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पुनर्परीक्षा के दौरान विशेष सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी की जा रही है.
केंद्र सरकार भी तैयारियों पर लगातार नजर बनाए हुए है. हाल ही में कैबिनेट सचिव टी.वी. सोमनाथन ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर परीक्षा प्रबंधन की समीक्षा की और प्रशासन, परीक्षा केंद्रों तथा सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
एनटीए ने इस बार छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई अहम बदलाव भी लागू किए हैं. सबसे बड़ा बदलाव परीक्षा अवधि में किया गया है. अब उम्मीदवारों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए पहले से 15 मिनट अधिक समय मिलेगा और कुल परीक्षा अवधि 195 मिनट कर दी गई है. इसके अलावा प्रश्न पुस्तिका में रफ वर्क के लिए अधिक जगह उपलब्ध कराई गई है, जिससे गणना और नोट्स बनाने में आसानी होगी. प्रश्नपत्र के प्रारूप में भी बदलाव किए गए हैं ताकि छात्रों को प्रश्न पढ़ने और समझने में कम परेशानी हो.
परीक्षा में भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान विषयों से कुल 180 अनिवार्य बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे. प्रश्नपत्र 720 अंकों का होगा. प्रत्येक सही उत्तर पर चार अंक दिए जाएंगे, जबकि गलत उत्तर पर एक अंक की कटौती की जाएगी.
प्रतिबंधित वस्तुओं को लेकर सख्त निर्देश
एनटीए ने परीक्षा केंद्रों में प्रतिबंधित वस्तुओं को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए हैं. मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, नोट्स, किताबें और अन्य अध्ययन सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी. केवल पारदर्शी पानी की बोतल साथ ले जाने की इजाजत दी गई है.
उम्मीदवारों की सुविधा के लिए दिल्ली सरकार ने भी विशेष पहल की है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की है कि 21 जून को नीट परीक्षार्थी डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे. अभ्यर्थियों को इसके लिए अपना एडमिट कार्ड दिखाना होगा.
इस बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने बताया कि वर्ष 2027 से NEET UG परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी. हालांकि 21 जून की पुनर्परीक्षा पहले की तरह ओएमआर आधारित पेन-एंड-पेपर प्रारूप में ही होगी. एनटीए ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे समय रहते एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सभी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें.


