'भारत आइए, हमारे साथ मिलकर काम कीजिए' फ्रांस में PM मोदी ने इन्वेस्टर्स को दिया खुला न्योता, राष्ट्रपति मैक्रों ने भी की भारत की सराहना
PM मोदी ने फ्रांस में भारत इनोवेट्स 2026 कार्यक्रम में दुनिया भर के निवेशकों और उद्यमियों को आमंत्रित किया है. उन्होने कहा कि भारत अब नई तकनीकों और वैश्विक समाधानों का निर्माण करने वाला इनोवेशन हब बन गया है

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस में आयोजित भारत इनोवेट्स 2026 कार्यक्रम में दुनिया भर के निवेशकों, उद्यमियों और शोधकर्ताओं को भारत के साथ जुड़ने का खुला निमंत्रण दिया है. उन्होंने कहा कि भारत आज केवल तकनीक का उपयोग करने वाला देश नहीं है, बल्कि नई तकनीकों और वैश्विक समाधान विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है.
भारत बन रहा है वैश्विक इनोवेशन हब
फ्रांस में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत ने तकनीकी क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है. उन्होंने बताया कि कभी दुनिया भारत को तकनीक अपनाने वाले देश के रूप में देखती थी, लेकिन आज भारत नई तकनीकों और नवाचारों का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है.
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया की कई बड़ी चुनौतियों के समाधान खोजने में सक्रिय योगदान दे रहा है. उन्होंने इस सम्मेलन को वैश्विक नवाचार के नए अध्याय की शुरुआत बताते हुए सभी देशों को भारत के साथ मिलकर आगे बढ़ने का आह्वान किया.
Speaking at the Bharat Innovates programme in France. Innovation, technology and the aspirations of our youth are driving India’s transformation and shaping the future.@BharatInnov2026
— Narendra Modi (@narendramodi) June 14, 2026
https://t.co/66fM69ixSl
निवेशकों और स्टार्टअप्स को दिया आमंत्रण
कार्यक्रम में पीएम मोदी ने निवेशकों और उद्यमियों से कहा कि वे भारत आएं, भारतीय कंपनियों और संस्थानों के साथ काम करें तथा नए विचारों को विकसित करें. उन्होंने कहा कि भारत में डिजाइन, रिसर्च और डेवलपमेंट के लिए असीम संभावनाएं मौजूद हैं.
उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत साझेदारी, संयुक्त शोध और दीर्घकालिक सहयोग को बढ़ावा देना चाहता है. इससे न केवल निवेश के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि दुनिया के लिए नए समाधान भी तैयार होंगे.
भारत इनोवेट्स 2026 का उद्देश्य
भारत सरकार की यह पहल देश के डीप-टेक स्टार्टअप्स और शोध संस्थानों को वैश्विक मंच प्रदान करने के लिए शुरू की गई है. सम्मेलन में कई भारतीय स्टार्टअप्स, शिक्षण संस्थान और शोध संगठन अपनी तकनीकी उपलब्धियों का प्रदर्शन कर रहे हैं. कार्यक्रम का फोकस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, अंतरिक्ष तकनीक, रक्षा, हेल्थकेयर और जलवायु परिवर्तन से जुड़ी तकनीकों पर है.
मैक्रों ने की भारत की सराहना
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत को "इनोवेशन का देश" बताया. उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता और जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भारत और फ्रांस की साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है.
उन्होंने यह भी कहा कि फ्रांस, भारत की "मेक इन इंडिया" पहल का सम्मान करता है और विभिन्न क्षेत्रों में उसका सहयोगी बना हुआ है. यह सम्मेलन दोनों देशों के बीच तकनीकी और आर्थिक सहयोग को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.


