DU UG Admission: सेकंड अलॉटमेंट लिस्ट और कटऑफ जारी, 24,814 नए छात्रों को अलॉट हुई सीट
दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले की उम्मीद लगाए बैठे हजारों छात्रों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम के तहत दूसरे दौर की सीट आवंटन और कटऑफ जारी कर दी है.

नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले की उम्मीद लगाए बैठे हजारों छात्रों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम के तहत दूसरे दौर की सीट आवंटन और कटऑफ जारी कर दी है. जिन स्टूडेंट को इस चरण में सीट मिली हुई है, उन्हें आज यानी 26 जुलाई 2026 की रात 11:59 बजे तक हर हाल में अपनी सीट स्वीकार करनी होगी.
कब तक जमा कर सकते हैं फीस
यदि कोई उम्मीदवार निर्धारित समय सीमा के भीतर आवंटित सीट स्वीकार नहीं करता है, तो उसका आवंटन रद्द हो जाएगा और वह आगामी आवंटन चरणों की रेस से बाहर हो सकता है. सीट स्वीकार करने के उपरांत, संबंधित कॉलेज द्वारा डाक्यूमेंट्स के वेरिफिकेशन के बाद छात्रों को 28 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन शुल्क जमा करके अपना दाखिला पक्का करना होगा.
24,814 नए विद्यार्थियों को आवंटित हुई सीट
विश्वविद्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस दूसरे राउंड में कुल 24,814 नए अभ्यर्थियों को पहली बार कॉलेज और कोर्स अलॉट किए गए हैं. इसके साथ ही, पहले चरण में एडमिशन ले चुके 30,682 उम्मीदवारों के आवेदन अपग्रेड हुए हैं, जिससे उन्हें उनकी उच्च प्राथमिकता वाले पसंदीदा कॉलेज या विषय में जाने का अवसर मिला है. वहीं दूसरी ओर, 15,265 अभ्यर्थियों ने अपनी आवंटित सीट से संतुष्ट होकर उसे 'फ्रीज' करने का विकल्प चुना है, जिससे उनकी मौजूदा सीट लॉक हो गई है.
श्रेणी और कॉलेज अनुसार कटऑफ भी जारी
सीट अलॉटमेंट के साथ-साथ डीयू ने द्वितीय चरण का आधिकारिक कटऑफ भी पोर्टल पर अपलोड कर दिया है. यह कटऑफ विभिन्न श्रेणियों (अनारक्षित, ओबीसी, एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस), कॉलेजों और विषयों के संयोजन के आधार पर तैयार किया गया है. जिन अभ्यर्थियों को इस दौर में कोई सीट प्राप्त नहीं हुई है, वे आधिकारिक वेबसाइट से कटऑफ पीडीएफ डाउनलोड कर अपने अंक और आगामी राउंड की संभावनाओं का आकलन कर सकते हैं.
सीट अलॉटमेंट स्टेटस कैसे जांचें?
छात्र नीचे दिए गए आसान चरणों का पालन करके अपना अलॉटमेंट और कटऑफ स्टेटस चेक कर सकते हैं.
दिल्ली विश्वविद्यालय के एडमिशन पोर्टल पर जाएं. होमपेज पर दिए गए CSAS UG Dashboard के विकल्प का चयन करें. अपना CUET आवेदन नंबर और पासवर्ड दर्ज करके लॉग इन करें. स्क्रीन पर आपका डैशबोर्ड और आवंटित सीट की जानकारी दिखाई देगी. आबंटन जांचने के बाद 'Accept' बटन पर क्लिक करें और एक्नॉलेज का प्रिंट निकाल लें.
महत्वपूर्ण सूचना
अंतिम समय में सर्वर पर अत्यधिक ट्रैफिक और तकनीकी अड़चनों से बचने के लिए छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे रात 11:59 बजे का इंतजार किए बिना समय से पहले ही सीट स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी कर लें.


