लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा आज से शुरू होने जा रही है. यह परीक्षा 8, 9 और 10 जून को राज्य के सभी 75 जिलों में आयोजित की जाएगी. इस भर्ती परीक्षा में 28 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल होंगे. परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं.
परीक्षा हर दिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी. पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी. इसके लिए अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे से 9:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा. दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी, जिसमें उम्मीदवारों की एंट्री दोपहर 1 बजे से 2:30 बजे तक होगी. उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने उम्मीदवारों को प्रश्न पत्र हल करने के लिए तय समय के अलावा पांच मिनट का अतिरिक्त समय देने का फैसला भी किया है.
पूरे प्रदेश में इस परीक्षा के लिए 1183 केंद्र बनाए गए हैं. नकल और गड़बड़ी रोकने के लिए हर परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. कई संवेदनशील केंद्रों पर ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी. अधिकारियों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
बोर्ड ने सॉल्वर गैंग और नकल कराने वालों के खिलाफ सख्त चेतावनी जारी की है. पहली बार पकड़े जाने पर अधिकतम 7 साल की जेल और 10 लाख रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है. दूसरी बार दोषी पाए जाने पर आजीवन कारावास और 50 लाख से 1 करोड़ रुपये तक जुर्माने का प्रावधान किया गया है. जरूरत पड़ने पर संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परीक्षा देने जाने वाले अभ्यर्थियों को सरकारी बसों में 50 फीसदी किराया छूट देने का ऐलान किया है. वहीं परीक्षा के दौरान कई जिलों में ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू रहेगा ताकि उम्मीदवार समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच सकें. इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 32,679 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. ऐसे में लाखों युवाओं की नजर इस परीक्षा पर टिकी हुई है. First Updated : Monday, 08 June 2026