IND vs ZIM 2nd T20 2026 Highlights: भारत ने जिम्बाब्वे को 90 रन से रौंदा, सीरीज में 2-0 की बढ़त

भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 में एकतरफा जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 5 विकेट पर 219 रन बनाए और फिर जिम्बाब्वे को 129 रन पर ढेर कर दिया।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 में एकतरफा जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 5 विकेट पर 219 रन बनाए और फिर जिम्बाब्वे को 129 रन पर ढेर कर दिया। इस जीत के साथ भारत ने 5 मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त भी बना ली।  

ईशान किशन बने मैच के हीरो   

टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी भारत की शुरुआत धीमी रही। अभिषेक शर्मा पहले ओवर में तेज खेले लेकिन 8 रन पर आउट हो गए। पिछले मैच में एक रन बनाने वाले अभिषेक इस बार भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए।  

इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने तीसरे ओवर में 3 चौके और 1 छक्का लगाकर रफ्तार दी, लेकिन 9 गेंद में 20 रन बनाकर चलते बने। कप्तान श्रेयस अय्यर भी 20 गेंद में 25 रन ही जोड़ सके। यहां से ईशान किशन और तिलक वर्मा ने मैच पलट दिया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 43 गेंद में 94 रन जोड़े।

ईशान ने 44 गेंद में 81 रन की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें कई बड़े शॉट शामिल थे। उन्हें न्यामुरी की गेंद पर बेनेट ने कैच किया। तिलक वर्मा ने अंत तक मोर्चा संभाला और 29 गेंद में नाबाद 60 रन ठोक दिए। यह उनके टी20 करियर का 9वां अर्धशतक था। रिंकू सिंह 8 गेंद में 12 रन बनाकर आउट हुए। भारत 5 विकेट पर 219 तक पहुंचा।  

यश ठाकुर का डेब्यू में कमाल, टॉप ऑर्डर ढेर   

220 के टारगेट का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत खराब रही। डेब्यू कर रहे यश ठाकुर ने ब्रायन बेनेट को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। बेनेट 19 गेंद में 32 रन बनाकर खतरनाक लग रहे थे, 3 चौके और 3 छक्के भी लगाए थे।  

इसके बाद प्रिंस यादव ने कहर बरपाया। उन्होंने पहले बेन करन को 1 रन पर आउट किया और फिर कप्तान सिकंदर रजा को बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। रजा का विकेट मैच का टर्निंग पॉइंट रहा।  

स्पिनर रवि बिश्नोई ने भी डियोन मेयर्स को 12 रन पर क्लीन बोल्ड किया। पावरप्ले के अंदर ही जिम्बाब्वे के 3 बड़े बल्लेबाज गिर गए। आधी टीम 65 रन पर आउट हो चुकी थी। आखिर में पूरी टीम 129 रन पर सिमट गई और भारत ने 90 रन से जीत दर्ज की।  

प्लेइंग XI में एक बदलाव   

भारत ने इस मैच में अशोक शर्मा की जगह यश ठाकुर को मौका दिया और उनका फैसला सही साबित हुआ। यश ने डेब्यू मैच में ही विकेट लेकर छाप छोड़ी। जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर बॉलिंग चुनी थी, लेकिन उनके गेंदबाज 219 का बचाव नहीं कर पाए और बल्लेबाज भारतीय अटैक के सामने टिक नहीं सके। अब सीरीज का अगला मैच जीतकर भारत क्लीन स्वीप की तरफ बढ़ना चाहेगा।  

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो