PM मोदी का ऐलान, पीएम किसान सम्मान निधि में होगी बम्पर बढ़ोतरी! पढ़ें रिपोर्ट
PM किसान सम्मान निधि को 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपये सालाना कर दिया जाएगा। अभी देशभर में किसानों को हर चार महीने में 2 हजार रुपये मिलते हैं।

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बनगांव की रैली में कई बड़े वादे किए। उन्होंने कहा कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो PM किसान सम्मान निधि को 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपये सालाना कर दिया जाएगा। अभी देशभर में किसानों को हर चार महीने में 2 हजार रुपये मिलते हैं।
PM मोदी ने बंगाल से किए बड़े वादे
आपको बताते चलें कि PM मोदी ने महिलाओं को लेकर कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा, “लखपति अभियान के तहत बंगाल की 75 लाख बहनों को भाजपा सरकार मदद देगी, ताकि वे लखपति दीदी बनें और हर साल एक लाख रुपये से ज्यादा कमा सकें।”
उन्होंने कहा कि बंगाल की बेटियां अपना रोजगार शुरू कर सकें, इसके लिए 20 लाख रुपये तक का मुद्रा लोन दिया जाएगा। पीएम मोदी ने आगे कहा, “बैंक गारंटी मांगता है, बहनों के पास गारंटी कहां से होगी। इसलिए आपके भाई ने तय किया है कि मेरी बहनों की बैंक गारंटी आपका भाई मोदी देगा।”
बहन-बेटियों को मिलेंगे हर साल इतने रुपए!
प्रधानमंत्री ने बताया कि बंगाल भाजपा ने बहनों के लिए बड़ी घोषणा की है। हर साल बहनों को 36 हजार रुपये दिए जाएंगे। पांच साल सरकार रही तो कुल 1 लाख 80 हजार रुपये मिलेंगे। इसके अलावा बेटियों की पढ़ाई के लिए 50 हजार रुपये देने का वादा किया। PM आवास योजना के तहत पक्का घर बनाने के लिए गरीब परिवार की महिलाओं के नाम पर डेढ़ लाख रुपये दिए जाएंगे।
मोदी ने दी ये गारंटी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह भी कहा कि वे जानते हैं बहनों को बिजली बिल की चिंता रहती है। उन्होंने कहा, “आपका बिजली बिल जीरो हो, इसके लिए सोलर प्लांट लगाने को हर परिवार को मोदी सरकार 80 हजार रुपये देगी।”
PM मोदी ने यह भी गारंटी दी कि भाजपा सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में ही आयुष्मान योजना लागू करने पर फैसला होगा। इससे 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा, “आप मोदी की एक और गारंटी लिख लीजिए।”
PM मोदी ने कहा कि ये सभी योजनाएं बंगाल के किसानों, महिलाओं और बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हैं। भाजपा सरकार बनने पर PM किसान निधि भी बढ़ाकर 9 हजार रुपये कर दी जाएगी।


