'धुरंधर 2: द रिवेंज' से पहले वायरल हुआ आदित्य धर का बयान, पाकिस्तान को लेकर कही बड़ी बात

आदित्य धर का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान में फिल्म रिलीज को लेकर अपनी स्पष्ट राय रखी थी. यह वीडियो उनकी फिल्म धुरंधर 2: द रिवेंज की रिलीज से पहले फिर चर्चा में आ गया है और फैंस इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दे रहे हैं.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

धुरंधर 2: भारतीय सिनेमा के दर्शकों के लिए 19 मार्च खास होने वाला है, क्योंकि रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म धुरंधर 2 द रिवेंज इसी दिन सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है. इसी वजह से मेकर्स ने 18 मार्च की शाम से इसके पेड प्रीव्यू भी शुरू करने का फैसला किया है.

फिल्म के निर्देशक आदित्य धर इन दिनों चर्चा में हैं. उनकी एक पुरानी वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान में फिल्म की रिलीज को लेकर अपनी राय खुलकर रखी थी. इस वीडियो पर फैंस लगातार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.

सहायक निर्देशक से सफल फिल्ममेकर तक का सफर

आदित्य धर ने अपने करियर की शुरुआत दिग्गज निर्देशक प्रियदर्शन के सहायक के रूप में की थी. धीरे-धीरे उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई.

एक गीतकार के रूप में शुरुआत करने वाले आदित्य धर आज सफल निर्देशक के साथ-साथ निर्माता भी बन चुके हैं. वह अपने भाई लोकेश धर के साथ मिलकर B62 स्टूडियोज के जरिए फिल्म निर्माण से भी जुड़े हुए हैं. उनका यह सफर कई नए फिल्ममेकर्स के लिए प्रेरणादायक माना जाता है.

उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक से मिली बड़ी सफलता

साल 2019 में रिलीज हुई उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक आदित्य धर के करियर की पहली फिल्म थी और इसी फिल्म से उन्होंने बड़ी सफलता हासिल की. यह फिल्म 2016 में हुए उरी हमले के बाद भारत की जवाबी कार्रवाई पर आधारित थी.

फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और चार नेशनल फिल्म अवॉर्ड अपने नाम किए. इनमें सर्वश्रेष्ठ निर्देशक के लिए आदित्य धर, सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के लिए विक्की कौशल, सर्वश्रेष्ठ ऑडियोग्राफी और सर्वश्रेष्ठ संगीत का पुरस्कार शामिल था. फिल्म के संगीतकार शाश्वत सचदेव ने 'धुरंधर' फ्रेंचाइजी के लिए भी वापसी की है.

आतंकवाद के खिलाफ स्पष्ट रुख

'उरी' की रिलीज के दौरान पाकिस्तान में फिल्म के प्रदर्शन को लेकर विवाद हुआ था. उस समय आदित्य धर ने इस मुद्दे पर स्पष्ट प्रतिक्रिया दी थी, जिसका वीडियो अब फिर से वायरल हो रहा है.

उन्होंने कहा था,"मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता. अगर वो भरोसा करते हैं और एक बार ये फिल्म देखें कि इस फिल्म में पाकिस्तानी जनता के खिलाफ कुछ नहीं बोला है. जो भी बोला गया है वो टेररिज्म के खिलाफ बोला गया है. अगर वो ये समझ जाएं कि हम टेररिज्म से लड़ रहे हैं, किसी जनता या किसी इंडिविजुअल से नहीं, मुझे लगता है उनको भी बहुत पसंद आएगी."

उनके इस बयान पर सोशल मीडिया पर फैंस अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं और कई लोग उनकी साफ बात की तारीफ कर रहे हैं.

पाकिस्तान में भी दिखी 'धुरंधर' की लोकप्रियता

रिपोर्ट्स के मुताबिक 'धुरंधर' और 'उरी' जैसी फिल्मों को पाकिस्तान में आधिकारिक तौर पर रिलीज नहीं किया गया था. इसके बावजूद वहां इन फिल्मों को लेकर लोगों के बीच काफी दिलचस्पी देखने को मिली.

बताया जाता है कि पाकिस्तान में 'धुरंधर' की पायरेटेड कॉपियां लगभग 16 रुपये में बेची गईं और रिलीज के कुछ ही दिनों के भीतर फिल्म के दो मिलियन से ज्यादा अवैध डाउनलोड दर्ज किए गए. बाद में जब यह फिल्म डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आई तो नेटफ्लिक्स पाकिस्तान पर भी लंबे समय तक ट्रेंड करती रही.

अब दर्शकों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि 'धुरंधर 2: द रिवेंज' रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर किस तरह का प्रदर्शन करती है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो