नई दिल्ली: भारतीय सिनेमा के 'एक्शन किंग' सनी देओल एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचने के लिए तैयार हैं. 'गदर 2', 'जाट' और 'बॉर्डर 2' जैसी बैक-टू-बैक ब्लॉकबस्टर फिल्मों के साथ धमाकेदार कमबैक करने वाले सुपरस्टार सनी देओल ने अपनी अगली बड़ी फिल्म की आधिकारिक घोषणा कर दी है.
फिल्म का नाम पहले क्या था और अब क्या है
आमिर खान के प्रोडक्शन और दिग्गज निर्देशक राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म का नाम पहले 'लाहौर 1947' चर्चा में था, जिसे अब बदलकर 'बंटवारा 1947' कर दिया गया है. सनी ने सोशल मीडिया पर इस पीरियड ड्रामा फिल्म का फर्स्ट लुक शेयर करते हुए इसकी रिलीज डेट का भी एलान कर दिया है, जिससे सिनेमाप्रेमियों का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया है.
14 अगस्त को रिलीज होगी फिल्म
'बंटवारा 1947' इस साल स्वतंत्रता दिवस के खास मौके पर यानी 14 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देगी. खास बात यह है कि इसी दिन को भारत सरकार साल 2021 से 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' के रूप में मनाती है, जो फिल्म के विषय के लिहाज से बेहद सटीक है. हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर सनी देओल की राह इतनी आसान नहीं होगी क्योंकि इसी दिन इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'आवारापन 2' भी रिलीज हो रही है. ऐसे में इस साल स्वतंत्रता दिवस के वीकेंड पर बॉक्स ऑफिस पर दो बड़े सुपरस्टार्स के बीच एक महामुकाबला देखने को मिलेगा.
नफरत के माहौल में 'जांबाज' बनेंगे सनी देओल
सनी देओल ने फिल्म की पहली अनाउंसमेंट के साथ इसकी कहानी का एक मजबूत हिंट भी दिया है. उन्होंने पोस्ट शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा 'नफरत और डर के बीच उसने बहादुरी दिखाना चुना.' फिल्म के रिलीज हुए पोस्टर में आग की लपटें, पुराने जमाने की ट्रेन में बैठीं प्रीति जिंटा और हाथ में मशाल थामे सनी देओल नजर आ रहे हैं.
खौफनाक और भावुक दौर की कहानी
यह साफ इशारा है कि फिल्म भारत-पाकिस्तान बंटवारे के उस खौफनाक और भावुक दौर की कहानी बयां करेगी, जहां नफरत के माहौल के बीच एक मसीहा बनकर सनी देओल लोगों की रक्षा करेंगे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह फिल्म मशहूर लेखक असगर वजाहत के चर्चित नाटक 'जिस लाहौर नई वेख्या, ओ जाम्या ही नई' पर आधारित है, और असगर ने खुद इसके डायलॉग्स लिखे हैं.
संतोषी और सनी की आइकॉनिक जोड़ी
राजकुमार संतोषी और सनी देओल की जोड़ी ने अतीत में 'घायल', 'घातक' और 'दामिनी' जैसी कालजयी फिल्में दी हैं, ऐसे में इस जोड़ी से दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं. फिल्म की स्टार कास्ट और क्रू भी बेहद मजबूत है. 'बंटवारा 1947' में सनी देओल के साथ प्रीति जिंटा, शबाना आजमी और 'मिर्जापुर' फेम अली फजल नजर आएंगे. इसके अलावा, सनी के बेटे करण देओल भी इस फिल्म में एक बेहद महत्वपूर्ण और दमदार किरदार निभाते दिखेंगे.
ऑस्कर विजेताओं की फौज
फिल्म को तकनीकी और संगीतमय रूप से भव्य बनाने के लिए ऑस्कर विजेताओं की फौज जुटाई गई है. फिल्म का संगीत उस्ताद ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि दिल को छू लेने वाले गाने जावेद अख्तर ने लिखे हैं. वहीं, सिनेमैटोग्राफी की कमान संतोष सिवन संभाल रहे हैं और बैकग्राउंड स्कोर ऑस्कर विनर रेसुल पुकुट्टी ने दिया है. दिग्गजों की यह जुगलबंदी बताती है कि 'बंटवारा 1947' केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि सिनेमाई पर्दे पर एक महागाथा होने वाली है. First Updated : Tuesday, 09 June 2026