NEET प्रोटेस्ट का समर्थन करते ही सलमान खान का पुराना वीडियो हुआ वायरल, सलीम खान ने खोला था स्कूल का बड़ा राज
सलमान खान के छात्रों के समर्थन वाले हालिया बयान के बाद 'द कपिल शर्मा शो' का एक पुराना वीडियो फिर वायरल हो गया है, जिसमें सलीम खान स्कूल के दिनों का पेपर लीक से जुड़ा मजाकिया किस्सा सुनाते नजर आते हैं.

नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने हाल ही में NEET समेत प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों का समर्थन किया. उन्होंने इस मुद्दे को बेहद गंभीर बताते हुए शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की जरूरत पर जोर दिया. इसी बीच सोशल मीडिया पर उनका एक पुराना वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह स्कूल के दिनों में पेपर लीक से जुड़ा एक मजाकिया किस्सा सुनाते नजर आ रहे हैं. यह वीडियो अब एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है.
कपिल शर्मा शो का पुराना वीडियो
यह वीडियो साल 2020 में प्रसारित हुए 'द कपिल शर्मा शो' का है. उस एपिसोड में सलमान खान अपने पिता सलीम खान और भाइयों अरबाज खान व सोहेल खान के साथ पहुंचे थे. बातचीत के दौरान सलीम खान ने परिवार से जुड़ा एक पुराना किस्सा साझा किया, जिसे सुनकर सभी हंस पड़े.
सलीम खान ने सुनाया मजेदार किस्सा
सलीम खान ने बताया कि उनके घर अक्सर गणेश नाम का एक व्यक्ति आया करता था, जिसकी घर में खास खातिरदारी होती थी. उन्हें यह देखकर हैरानी होती थी कि आखिर उस शख्स को इतनी अहमियत क्यों दी जाती है. बाद में उन्हें पता चला कि बच्चे उसकी वजह से खुश रहते थे क्योंकि वह कथित तौर पर परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र लाने की बात करता था.
Salman Khan today: "Paper leak is a very serious issue"
— Raj (@idfcwau) July 22, 2026
Salim Khan on Kapil's show: "Ganesh naam ke ladke ki sabse zyada izzat thi hamare ghar mein, kyoki PAPER LEAK hote the to woh Salman ko laake deta tha" 😭😭😭 https://t.co/yeXlInPJce pic.twitter.com/GubGJQid5j
इस दौरान शो में मौजूद सलमान, अरबाज और सोहेल हंसते नजर आए. मजाक-मजाक में सलमान ने भी कहा कि वह पेपर उनके लिए लाया जाता था. यह बातचीत मनोरंजन के अंदाज में हुई थी.
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. कुछ यूजर्स इसे सिर्फ एक हल्का-फुल्का मजाक मान रहे हैं, जबकि कुछ लोगों ने सलमान के हालिया बयान और पुराने वीडियो को जोड़कर सवाल उठाए हैं.
छात्रों के समर्थन में क्या बोले सलमान?
हाल ही में सलमान खान ने X पर पोस्ट साझा करते हुए पेपर लीक को देश के छात्रों के भविष्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया. उन्होंने आंदोलन के दौरान घायल छात्रों के प्रति संवेदना जताई और शांतिपूर्ण प्रदर्शन की सराहना की.
उन्होंने यह भी कहा कि यह लड़ाई छात्रों और शिक्षा व्यवस्था के बीच की है, इसलिए इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए. उनके अनुसार, इस आंदोलन का श्रेय केवल छात्रों को मिलना चाहिए और सरकार को शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी व मजबूत बनाने की दिशा में कदम उठाने चाहिए.


