'वो छोड़ देतीं तो मैं टूट जाता' क्या जेल से लौटने के बाद शिल्पा शेट्टी देने वाली थीं राज कुंद्रा को तलाक?

राज कुंद्रा ने बताया कि जेल से बाहर आने के बाद उनके लिए सामान्य जीवन में लौटना आसान नहीं था. इस दौरान सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट्स में उनके और शिल्पा शेट्टी के रिश्ते को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई गई. लेकिन पत्नी इस दौरान शिल्पा शेट्टी का साथ ही उनकी सबसे बड़ी ताकत बना.

Yashika Jandwani

मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी के पति और कारोबारी राज कुंद्रा ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में साल 2021 के उस कठिन दौर को याद किया है, जब उन्हें पोर्नोग्राफी मामले में गिरफ्तार किया गया था. उन्होंने बताया कि जेल में बिताया गया समय उनके जीवन का सबसे मुश्किल दौर था और उस समय पत्नी शिल्पा शेट्टी का साथ ही उनकी सबसे बड़ी ताकत बना. राज का कहना है कि इस मामले की कानूनी लड़ाई अब भी जारी है और उन्हें विश्वास है कि एक दिन सच सामने जरूर आएगा.

जेल से बाहर आने के बाद क्या हुआ 

राज कुंद्रा ने बताया कि जेल से बाहर आने के बाद उनके लिए सामान्य जीवन में लौटना आसान नहीं था. इस दौरान सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट्स में उनके और शिल्पा शेट्टी के रिश्ते को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई गई.  उन्होंने कहा उस दौरान सामने आई तलाक जैसी खबरों ने उन्हें मानसिक रूप से  काफी परेशान कर दिया था, लेकिन शिल्पा ने हमेशा उनका हौसला बढ़ाया. उनके अनुसार, एक्ट्रेस ने उन्हें इन खबरों पर ध्यान न देने और हर परिस्थिति में साथ रहने का भरोसा दिया.

आधात्म की ओर बढ़ा झुकाव 

पॉडकास्ट के दौरान राज ने यह भी शेयर किया कि जेल में रहने के दौरान उनका आध्यात्म की ओर झुकाव बढ़ा. उन्होंने बताया कि जेल में एक ऐसा स्थान था, जहां अलग-अलग धर्मों के लोग अपनी-अपनी धार्मिक प्रार्थनाएं और पूजा करते थे. शुरुआत में वह इन सब चीजो से दूर रहते थे, लेकिन बाद में एक पुजारी के कहने पर उन्होंने आरती में शामिल होना शुरू किया. 

राज ने कहा कि वहां रखी साईं बाबा की तस्वीर के सामने वह अक्सर अपनी परेशानियां शेयर करते थे. उन्होंने आगे बताया कि जेल में अपने अंतिम दिनों में उन्होंने पूरे मन से आरती की और उन्हें ऐसा महसूस हुआ कि साईं बाबा उनके साथ हैं. इसके अगले दिन उन्हें जमानत मिल गई, जिसे उन्होंने अपने लिए एक इमोशनल एक्सपीरियंस बताया.

कहा- 'साजिश के तहत फंसाया गया' 

उन्होंने जेल के गणेशोत्सव का भी जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान कैदियों को सांस्कृतिक गतिविधियों में हिस्सा लेने की अनुमति मिलती थी. उनके मुताबिक, गणेश विसर्जन के अगले दिन वह जेल से रिहा हो गए थे. राज कुंद्रा ने बातचीत के आखिर में कहा कि पिछले चार वर्षों से वह इस मामले में कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया और इस दौरान उनका मीडिया ट्रायल भी हुआ. हालांकि उन्होंने कहा कि अगर उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया है, तो उन्हें सच सामने आने का पूरा भरोसा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो